कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में लोगों को तमाम तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, ऐसी ही एक समस्या है कई स्थानों पर कोविड टेस्ट की अनुपलब्धता। संक्रमण के बढ़े मामलों के चलते परीक्षण को लेकर पैथोलॉजिकल प्रयोगशालाओं पर भी भारी दबाव देखने को मिल रहा है। इस बीच वैज्ञानिकों ने इस समस्या का समाधान प्राप्त करने दावा किया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक कुत्तों के सूघने की शक्ति इंसानों में संक्रमण का पता लगा सकती है।
आपने हवाई अड्डे और अन्य कई भीड़-भाड़ वाली जगहों पर स्निफर डॉग्स यानी सूंघ कर चीजों के पता लगाने वाले कुत्तों को देखा होगा। ये कुत्ते सुरक्षाकर्मियों को विस्फोटक, ड्रग्स, इलेक्ट्रॉनिक्स या अन्य आक्रामक चीजों के बारे में पता लगाने में मदद करते हैं। इसी आधार पर हालिया अध्ययन में विशेषज्ञों ने बताया है कि कुत्ते, इंसानों को सूंघ कर उनमें कोरोना वायरस संक्रमण का पता लगा सकते हैं।