दुनिया के कई हिस्सों में कोरोना वायरस एक बार फिर से पैर पसार रहा है। हालिया रिपोर्टस के मुताबिक साल 2020 के बाद चीन में संक्रमण के कारण एक बार फिर से हालात काफी बिगड़ रहे हैं। आलम यह है कि करीब 12 शहरों में लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है, जिसके कारण 30 मिलियन से अधिक लोग एक बार फिर से घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं। पिछले तीन दिनों से चीन में रोजाना पिछले दिन की तुलना में दोगुना से अधिक संक्रमण के मामले रिपोर्ट किए जा रहे हैं। चीन में कोरोना के बढ़ते प्रकोप ने दुनिया के अन्य देशों को भी अलर्ट कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चीन में स्टील्थ ओमिक्रॉन (BA.2) को इस बढ़ते संकट का प्रमुख कारण माना जा रहा है। ज्यादातर संक्रमित ओमिक्रॉन के बीए.2 वैरिएंट से संक्रमित पाए जा रहे हैं। भारत के नजरिए से भी इसे बड़ी चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है। जनवरी-फरवरी में देश के कुछ हिस्सों से बीए.2 वैरिएंट से संक्रमितों के मामलों में उछाल देखा गया था। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक अध्ययनों में ओमिक्रॉन के इस स्ट्रेन को अधिक संक्रामक माना जा रहा है, साथ ही इसकी कुछ प्रकृति चिंता बढ़ाने वाली हो सकती है। आइए आगे की स्लाइडों में इस वैरिएंट के बारे में विस्तार से समझते हैं।