आहार को स्वस्थ-पौष्टिक रखना बेहतर सेहत के लिए जरूरी माना जाता है। आहार विशेषज्ञ कहते हैं- हरी पत्तेदार सब्जियों-मौसमी फलों के साथ दैनिक आहार में नट्स और सीड्स को शामिल करके सेहत को ठीक रखा जा सकता है।
इसी से संबंधित एक हालिया अध्ययन में वैज्ञानिकों ने खाने के तेल में बदलाव करने की सलाह दी है।
हार्वर्ड विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने बताया-
अगर आप खाने के लिए अन्य तेलों की जगह ऑलिव ऑयल (जैतून के तेल) को शामिल कर लेते हैं तो इस एक बदलाव से कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ पाए जा सकते हैं। ऑलिव ऑयल न सिर्फ आपके हृदय को स्वस्थ रखने में सहायक है साथ ही इससे डिमेंशिया और इसके कारण होने वाले मौत के खतरे को भी कम किया जा सकता है।
इसी से संबंधित एक हालिया शोध में वैज्ञानिकों की टीम ने बताया कि प्रतिदिन लगभग एक चम्मच जैतून के तेल का सेवन डिमेंशिया के कारण मृत्यु के जोखिम को लगभग 30 प्रतिशत तक कम कर सकती है। इसके अलावा हृदय रोगियों की सेहत को ठीक रखने और हार्ट अटैक जैसे गंभीर रोगों के खतरे से बचाने में भी इससे लाभ पाया जा सकता है।