कोरोना संक्रमण ने ज्यादातर चीजों को ऑनलाइन कर दिया है। संक्रमण के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से ज्यादातर ऑफिसों ने भी लोगों को घर से काम करने की सहूलियत दे दी। आमतौर पर ऑफिसों में किसी कर्मचारी से सात से आठ घंटे का काम लिया जाता है, लेकिन क्या महामारी के दौर में आपको घर पर इससे भी ज्यादा देर तक काम करना पड़ रहा है? अगर हां, तो यह आदत आपके स्वास्थ्य के लिए कई मामलों में खतरनाक साबित हो सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, लॉकडाउन के कारण लोगों का वर्किंग ऑवर यानी काम करने का समय पहले से अधिक हो गया है जिसके कारण लोगों को तमाम तरह की समस्याएं हो रही हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, लंबे समय तक ऑफिस का काम करते रहने के कारण लोगों का सामाजिक जीवन प्रभावित हो रहा है। मानसिक स्वास्थ्य के साथ लोगों के काम का समय बढ़ जाने के कारण कई तरह की शारीरिक समस्याएं भी हो रही है, जैसे कमर में दर्द, मोटापा या पाचन संबंधी समस्या। इन समस्याओं को दूर करने के लिए सभी लोगों को नियमित रूप से कुछ उपायों को प्रयोग में लाते रहना चाहिए। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।