पैर हमारे शरीर का वह महत्वपूर्ण अंग है जो पूरे शरीर का भार उठाता हैं। इसके बावजूद सेहत का ध्यान रखते समय अक्सर पैरों को ही नजरअंदाज किया जाता है। यहां तक कि फुटवियर को चुनते समय डिजाइन, कलर और फैशन को ध्यान रखा जाता है पर कंफर्ट को अक्सर नहीं देखा जाता, खासतौर पर महिलाओं के मामले में। हील वाले जूते पहनना फैशन और शौक दोनों के चलते हो सकता है लेकिन कई बार इसकी वजह से बड़ी मुश्किल खड़ी हो सकती हैं। इससे न केवल शरीर का पोश्चर बिगड़ सकता है बल्कि लंबे समय के लिए चलने-फिरने में तकलीफ भी हो सकती है। इसी तरह पुरुषों में गलत फुटवियर हड्डियों पर बुरा असर डाल सकते हैं या पैरों का आकार भी बिगाड़ सकते हैं। इसलिए जरूरी है कि जब फुटवियर खरीदें तब दिखने से ज्यादा उससे पैरों को मिलने वाले आराम के बारे में सोचें।
अगर आप ये सोच रहे हैं कि एक नम्बर छोटा या एक नंबर बड़ा जूता पहन लेने से क्या फर्क पड़ेगा या फिर थोड़ी देर ऊंची एड़ी पहनने से थोड़ी तकलीफ ही तो होगी, इससे ज्यादा और क्या होगा? तो एक बार फिर सोचिए। पैरों पर किया गया यह प्रयोग केवल पैरों के लिए ही नहीं पूरे शरीर की सेहत पर बुरा असर डाल सकता है। इसलिए फुटवियर खरीदने से पहले इस बात को हमेशा प्राथमिकता दें कि वह कितना आरामदायक है?