अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन कहता है, दुनियाभर में हृदय रोग मौत के प्रमुख कारणों में से एक है। इसमें भी हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट की समस्या के कारण सबसे ज्यादा लोगों की जानें जाती है। अगर समय रहते इनके लक्षणों की पहचान कर ली जाए तो न सिर्फ हृदय रोगों, बल्कि इसके कारण होने वाले मौत के जोखिमों को भी कम किया जा सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, हृदय में रक्त की आपूर्ति अचानक बाधित या अवरुद्ध हो जाने के कारण हार्ट अटैक पड़ सकता है। इसका सामान्यत: मुख्य कारण हाई कोलेस्ट्रॉल के कारण धमनियों के बंद होने को माना जाता है। धूम्रपान जैसी अस्वास्थ्यकर आदतों के कारण भी धमनियों में संकुचन हो सकता है, जिससे हार्ट अटैक का जोखिम बढ़ जाता है।
स्वास्थ्य संगठनों के मुताबिक अन्य लोगों के मुकाबले एशियाई लोगों में दिल का दौरा पड़ने की घटनाएं 30 फीसदी अधिक हैं। हार्ट अटैक के लक्षण अंतर्निहित कारण के आधार पर एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में भिन्न हो सकते हैं। हालांकि, द अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार, लंबे समय तक शरीर में बने रहने वाले कुछ लक्षणों पर ध्यान देकर इस खतरे को टाला जा सकता है। आइए इस बारे में जानते हैं।