जिम में अक्सर आपने कई लोगों को बड़े ही आकर्षक और सुडौल मांसपेशियों वाला देखा होगा। अक्सर देखने को मिलता है कि तेजी से मांसपेशियों को बढ़ाने के लिए जिम जाने वाले लोग प्रोटीन पाउडर के नाम पर जाने-अनजाने स्टेरॉयड का इस्तेमाल करने लगते हैं। इससे शरीर की मांसपेशियां तो तेजी से बढ़ जाती है, सुडौल हो जाती हैं लेकिन इसके दीर्घकालिक रूप से कई तरह के नुकसान हो सकते हैं।
शोध बताते हैं, स्टेरॉयड्स का अधिक इस्तेमाल करना आपको गंभीर मुसीबतों में डाल सकता है, कुछ स्थितियों में इसके साइड-इफेक्ट्स के कारण हृदय रोग का खतरा भी बढ़ जाता है, जोकि जानलेवा तक हो सकता है। मांसपेशियों को बढ़ाने के लिए प्रोटीन पाउडर के नाम पर बाजार में बिकने वाले स्टेरॉयड के सेवन से बचें, वरना आप बड़ी मुसीबतों के शिकार हो सकते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मांसपेशियों की ताकत और शक्ति को प्राकृतिक सीमा से अधिक बढ़ाने के लिए, कुछ लोग एनाबॉलिक-एंड्रोजेनिक स्टेरॉयड (एएएस) का सेवन करने लगते हैं। एएएस, टेस्टोस्टेरोन का सिंथेटिक रूप है, जिसे पुरुषों का सेक्स हार्मोन माना जाता है। लगातार एएएस वाले पाउडर का सेवन करना आपके शरीर पर नकारात्मक असर डाल सकता है। कई लोग, जिम ट्रेनर और साथियों के बहकावे में आकर इसका सेवन करना शुरू कर देते हैं, जिसके कारण उन्हें भविष्य में कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आइए आगे इस बारे में विस्तार से समझते हैं।