कोरोना वायरस संक्रमण ने हमारी सेहत को कई तरह से प्रभावित किया है। अब तक सामने आए तमाम वैरिेएंट्स ने श्वसन पथ पर असर डाला है जिसके कारण लोगों में फ्लू जैसे लक्षण, बुखार, खांसी-जुकाम जैसी दिक्कतें देखी जाती रही हैं। वहीं हाल में सामने आए कुछ वैरिएंट्स में श्वसन के साथ पेट और अन्य अंगों पर भी प्रभाव देखने को मिल रहा है। लगातार खांसी और गले में खराश के साथ हल्के बुखार को कोविड-19 का शुरुआती लक्षण माना जाता रहा है। हालांकि बुखार होने का मतलब हर बार यही नहीं है कि आपको कोविड-19 हो गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक इस समय गर्मी का मौसम है जिसमें तेज धूप और लू के कारण भी आपको बुखार की समस्या हो सकती है, ऐसे में लक्षणों का सही निदान और कोविड-19 की पहचान करना बहुत आवश्यक है।
विशेषज्ञ बताते हैं, कोरोना संक्रमण के अलावा कई अन्य स्वास्थ्य स्थितियों में भी लोगों को बुखार की समस्या हो सकती है। कोरोना संक्रमण के मामलों में हल्के बुखार की समस्या रिपोर्ट की जाती रही है जिसमें संक्रमितों को कुछ दिनों तक 100.4 से 102.2 डिग्री फ़ारेनहाइट के बीच शारीरिक तापमान का अनुभव हो सकता है। हल्का बुखार महसूस होना हर बार चिंता का कारण नहीं है, जरूरी है कि आप इसके सही कारणों को समय रहते पहचानें। आइए इस बारे में आगे विस्तार से जानते हैं।