देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में उतार-चढ़ाव पिछले कई दिनों से जारी है। कभी मामले घट कर 30 हजार के करीब हो जा रहे हैं तो कभी बढ़कर 40 हजार। कोरोना की इस वर्तमान स्थिति पर भोपाल स्थित एम्स के निदेशक डॉ. सरमन सिंह कहते हैं, 'जहां हम कोरोना की भयंकर वेव (लहर) देख चुके हैं, वहां अब केस की संख्या 30-40 हजार के आसपास है, तो इसे सामान्य स्थिति कह सकते हैं। लेकिन हम ये नहीं कह सकते हैं बहुत अच्छी है, क्योंकि कोविड केस लगातार आ ही रहे हैं। ऐसा नहीं हो रहा है कि केस न आएं। केरल और कुछ राज्यों में केस के नंबर फ्लकचुएट (उतार-चढ़ाव) कर रहे हैं। इसलिए जरूरी है कि कोविड नियमों का पालन करते रहें।' अगर टीकाकरण की बात करें तो देश में अब तक 75 करोड़ से अधिक टीके लगाए जा चुके हैं। हालांकि कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें दूसरी डोज लेने में काफी देर हो गई है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या एंटीबॉडी बनेगी? आइए विशेषज्ञ से जानते हैं ऐसे ही कुछ सवालों के जवाब...