Medically reviewed by-
डॉ आमोद कुमार
पैथोलॉजिस्ट
दिल्ली, एम्स
कोविड-19 संक्रमण की दूसरी लहर की रफ्तार अब काफी धीमी हो गई है। पिछले महीने जहां हर रोज साढ़े तीन लाख से ज्यादा मामले सामने आ रहे थे, वह घटकर अब रोजाना एक लाख से कम हो गए हैं। देश में कोविड के सक्रिय मामले भले हो कम हो गए हैं, लेकिन कोरोना से ठीक हो चुके लोगों में पोस्ट कोविड होने वाली समस्याएं अब भी चिंता का विषय बनी हुई हैं। पोस्ट कोविड समस्याओं के रूप में लोगों को गंभीर थकान, कमजोरी और पैरों में दर्द की समस्या का अनुभव हो रहा है। क्या यह सामान्य है? इस बारे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि पोस्ट कोविड इस तरह की समस्याएं सामान्य हैं लेकिन लोगों को इनसे जल्द से जल्द छुटकारा पाने वाले उपायों को प्रयोग में लाना चाहिए। कोविड-19 से ठीक होने के बाद रिपोर्ट निगेटिव आने का यह मतलब नहीं है कि आप पूरी तरह से खुद को कोरोना से मुक्त मान लें। जिन लोगों को कोविड के बाद लंबे समय तक शरीर में दर्द और कमजोरी का अनुभव हो रहा हो, उनके लिए लेख में बताए जा रहे उपाय फायदेमंद हो सकते हैं।
विज्ञापन
2 of 5
कोविड के कारण शरीर में मायक्रोन्यूट्रिएंट की हो जाती है कमी
- फोटो : iStock
क्यों होती हैं पोस्ट कोविड समस्याएं
डॉ आमोद कहते हैं कि कोरोना से मुकाबले के दौरान हमारे शरीर में मौजूद मायक्रोन्यूट्रिएंट की काफी खपत हो जाती है, यही कारण है कि लोगों को ठीक होने के बाद भी काफी कमजोरी महसूस होती है। इस कमजोरी को ठीक होने में एक से दो महीने का वक्त लग सकता है। ऐसे में लोगों को पूरा आराम करने और खान-पान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है। कोरोना के दौरान शरीर में हुई मायक्रोन्यूट्रिएंट की कमी को जल्द से जल्द दूर करने के प्रयास करने चाहिए। रोजाना पौष्टिक आहार का सेवन इसका सबसे बेहतर उपाय हो सकता है।
विज्ञापन
3 of 5
कोविड से ठीक होने के बाद थकान की समस्या
- फोटो : istock
कमजोरी और थकान की समस्या
कोरोना से रिकवरी के बाद लोगों को हो रही कमजोरी को दूर करने को लेकर डॉ आमोद कहते हैं कि ऐसे लोगों को सबसे पहले संतुलित और पौष्टिक आहार पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इसके अलावा व्यायाम, विशेषकर सांस लेने और छोड़ने वाले व्यायामों को जरूर करना चाहिए। लोगों को रोजाना 10 से 15 मिनट तक मुंह बंद करके लंबी सांस लेने का अभ्यास करना चाहिए। खाने में प्रोटीन और विटामिन्स की मात्रा बढ़ा लें, इससे शरीर को तेजी से रिकवर होने में मदद मिलती है।
4 of 5
कोविड के बाद खान-पान का रखें विशेष ध्यान
- फोटो : Social media
खान-पान कैसा हो?
डॉ आमोद कहते हैं कि कोरोना से ठीक होने के बाद लोगों को ऐसे भोजन का सेवन करना चाहिए जो प्रोटीन से भरपूर हों। दाल, अंडे, पनीर, दूध और फलों का सेवन जरूर करना चाहिए। अगर आप उचित पोषक तत्वों से युक्त आहार ले रहे हैं तो आपको विटामिन की गोलियों और सप्लीमेंट्स की कोई जरूरत नहीं होती है। पोषक तत्वों की भरपाई भोजन से करने की कोशिश करें, न कि दवाओं से।
कोविड से ठीक होने में लग सकता है कुछ वक्त
- फोटो : iStock
ठीक होने में कितना वक्त लग सकता है?
अमर उजाला से बातचीत के दौरान मेट्रो मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, नोएडा में छाती रोग विशेषज्ञ डॉ गोपाल चावला बताते हैं कि कोरोना से ठीक होने का समय एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में भिन्न हो सकता है। कुछ लोग बहुत जल्दी ठीक हो जाते हैं तो कुछ को महीनों लग सकते हैं। कोविड से ठीक होने के बाद भी सभी उपायों का प्रयोग करते रहने के साथ डॉक्टर के निरंतर संपर्क में रहना चाहिए। बिना डॉक्टरी सलाह के किसी भी दवा या उपाय को प्रयोग में नहीं लाना चाहिए।
-------
नोट: यह लेख दिल्ली एम्स के पैथोलॉजिस्ट डॉ आमोद कुमार और मेट्रो मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, नोएडा में छाती रोग विशेषज्ञ डॉ गोपाल चावला से एक बातचीत के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।