Hearing Disorder: क्या कभी आपके कानों में पड़ने वाली आवाज धीमी हो जाती है? कोई ध्वनि हल्की सुनाई देती है या कानों में अचानक झनझनाहट महसूस होती है? या फिर एक अथवा दोनों कानों से अचानक कम सुनाई देने की शिकायत होती है। अगर ऐसी समस्या आपको या किसी जानने वाले को है तो सतर्क हो जाएं। ये खबर आपके ही काम की है।
बॉलीवुड गायिका अलका याग्निक ने अपने सुनने की क्षमता खो दी है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए उन्होंने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें कान से संबंधित एक दुर्लभ बीमारी हो गई है। अपनी सुरीली आवाज से लोगों के कानों में मधुर ध्वनि पहुंचाने वाली अल्का याग्निक को सुनाई न देने की शिकायत अचानक हुई, जब वह एक फ्लाइट से यात्रा के बाद उतरीं तो उन्हें महसूस हुआ कि कुछ सुनाई नहीं दे रहा। उनके डॉक्टरों ने अल्का को दुर्लभ बीमारी से पीड़ित बताया। आइए जानते हैं अल्का याग्निक की बीमारी के बारे में, जिसने उनके सुनने की क्षमता को छीन लिया।
अलका याग्निक ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के माध्यम से इस बात की जानकारी देते हुए लिखा, 'मेरे सभी प्रशंसकों, दोस्तों, फॉलोअर्स और शुभचिंतकों के लिए....। कुछ सप्ताह पहले मैं एक फ्लाइट से उतरी तो मुझे महसूस हुआ कि मुझे कुछ भी सुनाई नहीं दे रहा है। कई सप्ताह बाद थोड़ी हिम्मत जुटाकर अब मैं दोस्तों और शुभचिंतकों को इस बारे में बता रही हूं, जो मुझसे लगातार पूछ रहे हैं कि मैं कहां गायब हूं। जांच में मेरे डाॅक्टर्स को दुर्लभ बीमारी सेंसरी नर्व हियरिंग लॉस का पता चला है, जो मुझे एक वायरल अटैक के कारण हुआ है। अचानक हुई इस घटना ने मुझे आश्चर्य में डाल दिया।'
अलका याग्निक ने अपनी पोस्ट में इस बीमारी से बचाव के लिए सलाह देते हुए लिखा, तेज आवाज में संगीत न सुनें और हेडफोन का कम इस्तेमाल करें।