कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को जम्मू में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान राहुल माता वैष्णो देवी की भक्ति में डूबे दिखे। केंद्र सरकार पर प्रहार करने के लिए भी राहुल ने माता के तीन रूपों का वर्णन किया। इसके साथ ही कश्मीरी पंडितों तक पहुंचने के लिए उन्होंने अपने रिश्तों और पारिवारिक जड़ों को भी याद किया।
राहुल गांधी ने कहा कि जब भी मैं जम्मू-कश्मीर आता हूं, मुझे लगता है कि मैं घर आ गया हूं। मेरे परिवार का जम्मू-कश्मीर से पुराना रिश्ता है। राहुल ने 'जय माता दी' के जयघोष से पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। राहुल गांधी ने कहा कि मैं एक महीने में दो बार जम्मू-कश्मीर आया हूं और जल्द ही लद्दाख भी जाना चाहता हूं। मैंने श्रीनगर में कहा था कि जम्मू-कश्मीर में आते ही मुझे लगता है कि मैं घर आया हूं। ये प्रदेश(यूटी) पहले राज्य था, इसका मेरे परिवार से पुराना रिश्ता है।