जम्मू संभाग के पुंछ जिले में मेंढर के भाटादूड़ियां जंगल में आतंकियों के ठिकाने का पता लगाने के लिए जेल में बंद लश्कर-ए-तैयबा के पाकिस्तानी आतंकी को साथ लेकर गए सुरक्षाबलों पर दहशतगर्दों ने हमला कर दिया। फायरिंग में आतंकी की मौत हो गई, जबकि पुलिस के दो व सेना का एक जवान घायल हो गया। मारे गए पाकिस्तानी आतंकी जिया मुस्तफा को जम्मू की कोट भलवाल जेल से ले जाया गया था।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जिया मुस्तफा जंगलों में छिपे आतंकियों के संपर्क में था, जिसे उस इलाके और ठिकाने की पूरी जानकारी थी। गोलीबारी के बाद अतिरिक्त बल भेजकर मारे गए आतंकी का शव निकाला गया। लश्कर आतंकी के मारे जाने संबंधी कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच शुरू कर दी गई है। वहीं सेना और पुलिस एसओजी ने घेराबंदी और कड़ी कर दी है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 11 अक्तूबर को चमरेड़ के जंगल में सैन्य दल पर घात लगाकर किए गए हमले में जेसीओ समेत पांच जवान शहीद हो गए थे।