जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मैं आपके दीर्घायु होने और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं। नए भारत के विकास की दिशा में आपके असाधारण, अथक प्रयास हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत रहे हैं। आपके नेतृत्व और विजन से राष्ट्र प्रगति करता रहे, ऐसी कामना है।
उधर, जम्मू-कश्मीर में भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को उत्सव की तरह मना रही है। जम्मू के साथ ही कश्मीर संभाग में भी भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना की। साथ ही कहा कि जब से अनुच्छेद-370 और 35-ए को निरस्त किया गया है, जम्मू-कश्मीर चिरस्थायी शांति, प्रगति और विकास के पथ पर है। लोग लोकतंत्र का लाभ उठा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में अब जवाबदेही और पारदर्शिता है।