भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सुचेतगढ़ में बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी का शनिवार से आगाज हो गया। उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने क्षेत्र के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि इस सेरेमनी के शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों की तरफ से उन्हें जानकारी दी गई कि वाघा बॉर्डर से अच्छे प्रबंध यहां किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यह सब बहुत पहले हो जाना चाहिए था, लेकिन किन्हीं कारणों से यह संभव नहीं हो पाया। वाघा बॉर्डर की तर्ज पर सीमा सुरक्षा बल की तरफ से बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी की शुरुआत की गई है। अभी पाकिस्तान की तरफ से इस सेरेमनी में भाग नहीं लिया जाएगा। सीमा सुरक्षा बल के अनुसार सप्ताह के दो दिन यहां परेड आयोजित की जाएगी। उप-राज्यपाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के हालात लगातार सामान्य हो रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस पूरे प्रदेश में बेहतर तरीके के साथ मनाया गया और अब कश्मीर संभाग में भी जगह-जगह पर तिरंगे झंडे फहराए जो जम्मू-कश्मीर के बदलाव की ओर इशारा करता है।