भारत माता की जय और जय हिंद के नारों की गूंज, उत्साह, जोश और देशभक्ति के जज्बे का प्रदर्शन। गांधी जयंती पर भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा सुचेतगढ़ (जम्मू) जीरो लाइन पर स्थित ऑक्ट्राय पोस्ट शनिवार को ऐतिहासिक पलों का गवाह बनी। देशभक्ति के जयघोषों के बीच वाघा बॉर्डर की तर्ज पर इस पोस्ट पर बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी का आगाज किया गया। बीएसएफ की 36वीं बटालियन की ओर से शुरू की गई इस रिट्रीट सेरेमनी में जवानों ने जोश दिखाया। सेरेमनी में जवानों का हौसला बढ़ाने उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह, बीएसएफ के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) एनएस जम्वाल भी पहुंचे।
बीटिंग द रिट्रीट के लिए ऑक्ट्राय पोस्ट को सजाया गया था। स्वागत गेट के साथ पूरी पोस्ट में रोशनी से सजावट की गई थी। जीरो लाइन पर पोस्ट के बीचोंबीच लहरा रहा तिरंगा भारत की शान के गौरव का प्रतीक था। बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी में बीएसएफ के विभिन्न दस्तों ने कौशल और जांबाजी का शानदार प्रदर्शन किया।