जम्मू-कश्मीर में पावन नवरात्र में सुरक्षा व्यवस्था एक बड़ी चुनौती है। इस दौरान किसी तरह की कोई अनहोनी घटना न हो, इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। सीआरपीएफ के आईजीपी जम्मू का कहना है कि जम्मू की महत्तवपूर्ण जगहों पर सीआरपीएफ के जवानों को तैनात कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस, आर्मी और सीआरपीएफ की तरफ से नवरात्र में सुरक्षा व्यवस्था के खास इंतजाम किए जा रहे हैं। सभी मिलकर जम्मू में किसी तरह की कोई अनहोनी नहीं होने देंगे। उन्होंने बताया कि नवरात्रि को देखते हुए माता वैष्णो देवी की यात्रा में सुरक्षा के लिए एक बटालियन और फोर्स तैनात है। जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग की सुरक्षा के भी ठोस बंदोबस्त किए गए हैं। नवरात्रि के त्योहार को लेकर कटड़ा से लेकर जम्मू संभाग के तमाम बड़े धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पुख्ता की गई है। नवरात्र को लेकर पुलिस के पर्याप्त सुरक्षा बंदोबस्त हैं। मां वैष्णो देवी भवन के साथ ही अर्धक्वांरी मंदिर, भैरव घाटी, सांझी छत, हिमकोटी, बाणगंगा आदि महत्वपूर्ण स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था को और दुरुस्त किया जाएगा।