जम्मू शहर के पुराने शहर सहित कुछ हिस्सों में मंगलवार दोपहर बाद करीब एक घंटा झमाझम बारिश से मौसम ठंका हो गया। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हुई। जम्मू-कश्मीर में मानसून के फिर सक्रिय होने की उम्मीद बढ़ी है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 26 से 28 अगस्त तक जम्मू और कश्मीर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार हैं। इसमें कई जगह तेज बारिश हो सकती है। कश्मीर के कई जिलों में तपिश बढ़ी है। यहां तापमान 33 डिग्री के ऊपर चला गया है, जिससे जम्मू और श्रीनगर का दिन का तापमान आसपास ही चल रहा है। जम्मू में मंगलवार की शुरुआत हल्के बादलों के साथ हुई। लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो गया। दोपहर बाद अचानक आसमान से पानी बरसने लगा। शहर के रेजिडेंसी रोड, शहीदी चौक, कनक मंडी, पीर मिट्टा, लिंक रोड, जैन बाजार, पुरानी मंडी, सिटी चौक, रघुनाथ बाजार, चौक चबूतरा, पक्का डंगा आदि इलाकों में कुछ देर के लिए तेज बारिश हुई।