जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को बारिश और बर्फबारी की चेतावनी के बीच पर्वतीय इलाकों में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। कश्मीर में बारिश और बर्फबारी से तापमान में काफी गिरावट आई है। जम्मू संभाग के भी कई हिस्सों में बारिश से ठंडक बढ़ गई है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार 5 जनवरी से 8 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावनी जताई है। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में भी सुबह ताजा बर्फबारी हुई जिसके बाद सफेद चादर देखने को मिल रही है। वहीं नत्थाटॉप, पटनीटॉप सहित अन्य पर्यटक स्थलों पर भी सफेद चादर बिछ गई है। कश्मीर संभाग में गुलमर्ग, पहलगाम, सोनामर्ग, यूसमर्ग समेत ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात की सूचना है। श्रीनगर-लेह हाईवे बंद हो गया है।