अनुच्छेद-370 हटाए जाने की गुरुवार को दूसरी बरसी मनाई जा रही है। भाजपा प्रदेश में कई कार्यक्रम कर रही है। वहीं गुपकार गठबंधन के दल इसका विरोध कर रहे हैं, खासकर पीडीपी तो इस दिन को काला दिवस के रूप में मना रही है। पीडीपी प्रमुख ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा दो साल पहले लिए गए निर्णय से भाजपा खुश है, जबकि कश्मीर शोक में डूबा है। पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन भी किया।
इस बीच भाजपा ने गुपकार गठबंधन पर हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने कहा कि अनुच्छेद 370 के बाद की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक यह रही है कि विभाजनकारी और आतंकवादी ताकतों को एक बड़ा झटका लगा है, जिसके बाद क्षेत्र में विकास और प्रगति का माहौल बना है, जिससे लोगों में नई उम्मीद जगी है। तरुण चुग ने इस दौरान गुपकार गठबंधन को गुपकार गैंग भी कहा।