दक्षिणी कश्मीर में सुरक्षा बलों को आतंकवाद के मोर्चे पर शुक्रवार को दोहरी सफलता मिली। लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकी को मुठभेड़ में मार गिराया गया, जबकि इसी संगठन के एक अन्य आतंकी को दबोचा गया। बता दें कि इस वर्ष अभी तक करीब घाटी में 113 आतंकी मारे गए हैं। इनमें से आठ सितंबर महीने में ही मार गिराए गए हैं।
गुरुवार देर रात करीब 11:30 बजे जम्मू-कश्मीर पुलिस को शोपियां जिले के रखामा गांव में आतंकियों की मूवमेंट की सूचना मिली थी। जिसके आधार पर पुलिस ने सेना की 34 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और 178 बटालियन सीआरपीएफ के साथ मिलकर इलाके में संयुक्त अभियान चलाया। शुक्रवार की सुबह करीब 2 बजे इलाके का घेराव किया गया। आतंकियों से कई बार आत्मसमर्पण करने की अपील की गई, लेकिन वह नहीं माने। लगातार फायरिंग करते रहे जिससे तड़के करीब 5 बजे भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। मारे गए आतंकी की पहचान कुलगाम के रेडवानी बाला के मुजीब लोन के तौर पर हुई है।