आज शनिवार, 13 जून 2026 की तारीख में देश-दुनिया की बड़ी खबरों के साथ आपका अपना अमर उजाला फिर हाजिर है। आज की बड़ी खबर अंतरराष्ट्रीय मोर्चे से है, जहां ईरान-अमेरिका समझौते को लेकर नई जानकारियां सामने आई हैं। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने संकेत दिए हैं कि प्रस्तावित समझौते में परमाणु कार्यक्रम के अलावा होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति, प्रतिबंधों में राहत और फ्रीज हुए ईरानी फंड की रिहाई जैसे मुद्दे शामिल हो सकते हैं। वहीं देश के 25 राज्यों में 18 जून तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी है। दूसरी ओर, भारतीय सैन्य इतिहास में आज नया अध्याय जुड़ने जा रहा है, जब पहली बार आईएमए से नौ महिला कैडेट सैन्य अधिकारी के रूप में पासआउट होंगी। उधर, पश्चिम एशिया संकट के बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से बातचीत कर हालिया हमले पर भारत की चिंता और नाराजगी भी जताई है। देश-दुनिया की ये सभी बड़ी खबरें विस्तार से पढ़ें एक जगह और एक ही क्लिक में...
विज्ञापन
2 of 11
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स/ANI
ईरान ने समझौते में रखीं क्या शर्तें?
पश्चिम एशिया संघर्ष का कूटनीतिक हल खोजने की कोशिशें कामयाब होती नजर आ रही हैं। अमेरिका और ईरान की ओर से शांति समझौते को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। इस बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित समझौते में तेहरान के परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों में राहत और होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया जाएगा। ईरान की सरकारी मीडिया इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (आईआरआईबी) के अनुसार अब्बास अराघची ने कहा कि यह समझौता दो चरणों में होगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण में परमाणु मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई और इसे दूसरे चरण के लिए टाल दिया गया है। पढ़ें एक क्लिक पर...
विज्ञापन
3 of 11
देश के 25 राज्यों में 18 जून तक आंधी-पानी के आसार
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स/ANI
देश के 25 राज्यों में 18 जून तक आंधी-पानी और ओलावृष्टि के आसार
तेजी से आगे बढ़ रहे दक्षिण्-पश्चिम मानसून और उत्तरी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में व्यापक बदलाव आया है। पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर से तटीय कर्नाटक तक गरज और चमक के साथ बारिश हुई है। साथ ही, अलग-अलग क्षेत्रों में 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान ने भी कहर बरपाया है। बिहार में बिजली गिरने से 10 लोगों की जान चली गई है, पंजाब में भी वर्षा जनित घटनाओं में 3 लोगों की जान चली गई है। मौसम में यह बदलाव कम से कम 18 जून तक जारी रहने की प्रबल संभावना है। पढ़ें पूरी खबर...
4 of 11
IMA
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
देश को पहली बार आईएमए से मिलेंगी नौ महिला सैन्य अफसर
भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड शनिवार को ऐतिहासिक होगी, जब नौ महिला सैन्य अफसर यहां से पहली बार पासआउट होकर भारतीय सेना का हिस्सा बनेंगी। कुल 515 जेंटलमैन कैडेट पासआउट होंगे। इसके लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को दून पहुंच गईं। वह परेड की मुख्य अतिथि होंगी। शनिवार को सुबह आईएमए के ऐतिहासिक परेड मैदान में जेंटलमैन कैडेट्स कदमताल करते हुए सेना के अनुशासन, राष्ट्रप्रेम का संदेश देते हुए अंतिम पग पार करेंगे। पासिंग आउट सेरेमनी में कुल 515 जेंटलमैन कैडेट हिस्सा लेंगे। इनमें नौ महिला कैडेट सहित कुल 481 कैडेट भारतीय हैं। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
5 of 11
खाड़ी में अमेरिकी कार्रवाई पर भारत सख्त।
- फोटो : Amar Ujala Graphics
अमेरिकी नौसेना के हमले पर जयशंकर ने रूबियो से की बात, जताई नाराजगी
खाड़ी क्षेत्र में हाल ही में अमेरिकी नौसेना की कार्रवाई को लेकर भारत और अमेरिका के बीच कूटनीतिक तनाव सामने आया है। इस घटना में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई, जिसके बाद भारत ने इस कार्रवाई पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से फोन पर बातचीत की और भारत की गंभीर आपत्ति स्पष्ट रूप से सामने रखी। उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि वाणिज्यिक जहाजों पर इस तरह की घातक कार्रवाई किसी भी रूप में उचित नहीं ठहराई जा सकती। पढ़ें एक क्लिक पर...
तृणमूल की दुर्गति के खलनायक बने भावी युवराज अभिषेक बनर्जी
तृणमूल कांग्रेस का भविष्य क्या होगा? पार्टी का ममता बनर्जी के हाथ से जाना तो तय है, मगर क्या अलग स्वरूप में पार्टी अपना अस्तित्व बचाए रख पाएगी? विधानसभा के बाद लोकसभा में पार्टी पर विरोधी गुट के दावे, अभिषेक बनर्जी के बहाने अब कभी ममता के खासमखास रहे वरिष्ठ नेताओं का नया मोर्चा और पार्टी के कांग्रेस में विलय की चर्चाओं के बीच सियासी गलियारे में पार्टी के अस्तित्व को ले कर एक साथ कई यक्ष प्रश्न खड़े हो गए हैं। सियासत में संघर्ष के कारण अलग और मुखर पहचान रखने वाली ममता की चुप्पी पार्टी के भविष्य को लेकर कयासों को मजबूत जमीनी आधार मुहैया करा रहा है। अभिषेक को लेकर ही ममता के करीबी नाराज हैं। अभिषेक के प्रति ममता के अंधा लगाव पर पहले सांसद, विधायक दबी जुबान चर्चा करते थे, अब यह सार्वजनिक हो गया है। पढ़ें एक क्लिक पर...
विज्ञापन
7 of 11
दिल्ली में संपन्न हुई बैठक।
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
पंजाब चुनाव में सभी 117 सीटों पर लड़ेगी भाजपा
पंजाब में भाजपा सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। कल देर रात दिल्ली में पंजाब भाजपा के शीर्ष नेताओं की एक उच्च-स्तरीय बैठक संपन्न हुई जिसमें पार्टी ने अगले साल होने वाले राज्य चुनावों में सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की अपनी रणनीति को अंतिम रूप दिया। संवाददाताओं से बात करते हुए पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि हमने पंजाब की राजनीति पर चर्चा की। यह एक बहुत अच्छी बैठक थी। पंजाब के लिए हमारा एकमात्र एजेंडा विकास है। हम सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। अभी गठबंधन की कोई बात नहीं है। हम पंजाब में भाजपा सरकार बनाएंगे। पढ़ें पूरी खबर...
8 of 11
नोरा फतेही
- फोटो : ANI
FIFA World Cup 2026: नोरा फतेही की परफॉर्मेंस ने लूटी महफिल
फीफा विश्व कप 2026 की दूसरी ओपनिंग सेरेमनी शुक्रवार को कनाडा के टोरंटो स्थित बीएमओ फील्ड में भव्य अंदाज में आयोजित की गई। सितारों से सजी इस रंगारंग प्रस्तुति ने विश्व कप के कनाडाई चरण का शानदार स्वागत किया। समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री और अंतरराष्ट्रीय कलाकार नोरा फतेही ने अपने नए गाने 'Siir Siir' पर दमदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके बाद मुकाबले में सह-मेजबान कनाडा ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी करते हुए बोस्निया-हर्जेगोविना के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला। एक समय पिछड़ने के बावजूद कनाडाई टीम ने हार नहीं मानी और सुपर सब साइल लैरिन के अहम गोल की बदौलत मुकाबले में बराबरी हासिल कर ली। पढ़ें पूरी खबर...
9 of 11
महाराष्ट्र मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
- फोटो : Amar Ujala Graphics
एक दिन में 94% विदेशी कर्ज चुकाने की क्षमता रखता है भारत:- CM फडणवीस का दावा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने देश की आर्थिक स्थिति को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि आज भारत जरूरत पड़ने पर अपने 94 प्रतिशत विदेशी कर्ज का भुगतान केवल एक दिन में कर सकता है। उन्होंने यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया। फडणवीस ने कहा कि एक दौर ऐसा भी था जब भारत की आर्थिक स्थिति को लेकर गंभीर चिंताएं जताई जाती थीं। उस समय यह कहा जाता था कि यदि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और विश्व बैंक मदद के लिए आगे नहीं आए, तो भारत विदेशी कर्ज चुकाने में कठिनाई का सामना कर सकता है। उन्होंने कहा कि आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और भारत की आर्थिक क्षमता पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत हुई है। पढ़ें एक क्लिक पर...
10 of 11
अमेरिका-ईरान डील को लेकर बड़ा संकेत।
- फोटो : Amar Ujala Graphics
ट्रंप ने ईरानी विदेश मंत्री की पोस्ट शेयर की
अमेरिका और ईरान के बीच कई महीनों से जारी तनाव और संघर्ष के बाद अब शांति की उम्मीदें मजबूत होती नजर आ रही हैं। दोनों देशों के बीच युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रूथ सोशल पर ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची की समझौते से जुड़ी पोस्ट को री-पोस्ट किया है। ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि "इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन कभी इतना करीब नहीं रहा।" उन्होंने कहा कि समझौते को अंतिम रूप दिए जाने तक मीडिया को इसकी शर्तों को लेकर अटकलें लगाने से बचना चाहिए। ट्रंप द्वारा इस पोस्ट को साझा किए जाने के बाद माना जा रहा है कि दोनों पक्ष किसी बड़े समझौते के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर...
'धमाल 4' ट्रेलर लॉन्च पर अजय देवगन का बड़ा खुलासा
अजय देवगन की आने वाली कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' का ट्रेलर आज शुक्रवार 12 जून को रिलीज हो गया है। ट्रेलर लॉन्च के मौके पर अजय देवगन ने बताया कि आखिर फिल्म रिलीज के समय बॉक्स ऑफिस का कितना दबाव होता है। इसके साथ ही अजय ने यह भी बताया कि बॉलीवुड फिल्मों के सीक्वल इतने सफल क्यों होते हैं?