फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Top News: ईरान ने US को भेजा 14 सूत्रीय प्रस्ताव, देश में गहराया जल संकट; कई राज्यों में बारिश से राहत के आसार

Sun, 03 May 2026 05:51 AM IST
Shivam Garg न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 11
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
ईरान ने अमेरिका को 14 सूत्रीय प्रस्ताव भेजकर नाकाबंदी हटाने और लेबनान समेत कई मोर्चों पर चल रहे संघर्ष को खत्म करने की मांग रखी है, जिससे पश्चिम एशिया में नई कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। दूसरी ओर भारत में मौसम ने भी रफ्तार बदल ली है पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के आसार के बीच तापमान में गिरावट का अलर्ट जारी है। वहीं पुणे का नसरापुर मामला लोगों को झकझोर रहा है, जहां संवेदनशील हालात को देखते हुए अंतिम संस्कार से पहले श्मशान घाट पर सुरक्षा कड़ी करनी पड़ी। इसी बीच पश्चिम बंगाल की राजनीति भी गर्म है, जहां अभिषेक बनर्जी के तीखे बयान ने फलता उपचुनाव को सीधा सियासी टकराव का मैदान बना दिया है। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 11
डोनाल्ड ट्रंप और अब्बास अराघची - फोटो : ANI
ईरान ने अमेरिका को भेजा 14 सूत्रीय प्रस्ताव
ईरान ने पश्चिम एशिया संघर्ष को खत्म करने के लिए अमेरिका को एक 14 सूत्रीय प्रस्ताव भेजा है। इस प्रस्ताव में लेबनान समेत सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म करने की मांग की गई है। प्रस्ताव में होर्मुज जलडमरूमध्य और ईरान की नाकाबंदी को हटाने की मांग भी शामिल है। ईरान का यह प्रस्ताव वॉशिंगटन की ओर से पहले भेजे गए नौ सूत्रीय प्रस्ताव के जवाब में आया है, जिसमें कथित तौर पर दो महीने के संघर्ष विराम की समय-सीमा शामिल थी। हालांकि, तेहरान ने किसी भी विस्तारित अंतरिम व्यवस्था को अस्वीकार कर दिया है। इसके बजाय ईरान ने 30 दिनों के भीतर एक व्यापक समाधान पर जोर दिया है, जिसे अस्थायी युद्धविराम के बजाय स्थायी युद्ध की समाप्ति के रूप में देखा जाएगा। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

3 of 11
जलाशयों में तेजी से गिर रहा जल स्तर - फोटो : अमर उजाला प्रिंट
देश में 166 जलाशयों का स्तर 40% से नीचे
देश में जल भंडारण की स्थिति तेजी से दबाव में आ रही है और गर्मियों की शुरुआत के साथ संकट के संकेत और स्पष्ट हो गए हैं। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार देश के 166 प्रमुख जलाशयों में उपलब्ध पानी घटकर कुल क्षमता के 40 प्रतिशत से नीचे आ गया है। वहीं कई प्रमुख नदी घाटियों में भी जल स्तर में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे क्षेत्रीय जल असंतुलन गहराने की आशंका बढ़ गई है। केंद्रीय जल आयोग के साप्ताहिक बुलेटिन के अनुसार देश के 166 जलाशयों में कुल लाइव स्टोरेज 71.082 अरब घन मीटर (बीसीएम) रह गया है, जो उनकी कुल क्षमता 183.565 बीसीएम का केवल 38.72 प्रतिशत है। 9 अप्रैल 2026 को यह स्तर 44.71 प्रतिशत था, यानी तीन सप्ताह में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। ये 166 जलाशय देश की कुल अनुमानित जल भंडारण क्षमता 257.812 बीसीएम का लगभग 71.20 प्रतिशत हिस्सा रखते हैं। इनमें से 20 जलाशय जलविद्युत परियोजनाओं से जुड़े हैं, जिनकी संयुक्त क्षमता 35.299 बीसीएम है। पढ़ें एक क्लिक पर...

4 of 11
नास्रापुर नाबालिग दुष्कर्म-हत्या कांड। - फोटो : Amar Ujala Graphics
पुणे: नाबालिग के अंतिम संस्कार से पहले पुलिस अलर्ट
पुणे जिले के भोर तालुका के नसरापुर इलाके में एक चार साल की बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म और हत्या की जघन्य वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस वीभत्स घटना के बाद पीड़िता के अंतिम संस्कार से पहले वैकुंठ धाम श्मशान घाट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

5 of 11
कई इलाकों में गिरेगा तीन से पांच डिग्री पारा - फोटो : ANI
पांच डिग्री तक गिर सकता है पारा, IMD का अलर्ट
दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से लेकर पूर्वोत्तर तक पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश हुई है, जबकि मैदानी इलाकों में आंधी-तूफान और चमक व गरज के साथ बरसात के साथ कई जगहों पर ओले भी गिरे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम से लेकर मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत तक अगले तीन से चार दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने का अनुमान है। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

6 of 11
अभिषेक बनर्जी, सांसद, टीएमसी - फोटो : ANI
'10 जन्म भी कम पड़ेंगे' अभिषेक बनर्जी का BJP पर हमला
पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने फलता विधानसभा सीट पर हुए मतदान विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा नेता अमित मालवीय के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिस बंगला विरोधी गुजराती गैंग की बात की जा रही है, वह उनके डाइमंड हार्बर मॉडल को नुकसान नहीं पहुंचा सकती। अभिषेक बनर्जी ने बेहद तीखे शब्दों में कहा कि उनके राजनीतिक मॉडल को कमजोर करने के लिए 10 जन्म भी कम पड़ जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

7 of 11
एमएसयू में मोदी तत्व की पढ़ाई - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
देशभक्ति का समाजशास्त्र या राजनीति? कांग्रेस ने उठाए सवाल
गुजरात की प्रतिष्ठित महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी, वडोदरा में नए सिलेबस को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। यूनिवर्सिटी के समाजशास्त्र विभाग में शुरू किए गए नए कोर्स सॉशियोलॉजी ऑफ पैट्रियोटिज्म (देशभक्ति का समाजशास्त्र) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, आरएसएस की विचारधारा और महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ के सुधारों का अध्ययन शामिल किया गया है। इस फैसले पर कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे संगठन के विचारों को पाठ्यक्रम में शामिल किया जा रहा है, जिनका देश की आजादी के संघर्ष में कोई योगदान नहीं रहा। पढ़ें एक क्लिक पर...

8 of 11
हाफ मैराथन में महिला वर्ग में रेखा रावत ने पहला स्थान हासिल किया। - फोटो : अमर उजाला
अंधेरे में चमकी राजधानी, उत्साह के साथ सैकड़ों कदमों ने लिखी फिटनेस की कहानी
राजधानी दिल्ली में शनिवार रात फिटनेस और उत्साह का अनोखा नजारा देखने को मिला, जब नाइट रनर दिल्ली 2026 का आयोजन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया गया। हाफ मैराथन में महिला वर्ग में रेखा रावत ने 1:42:36 के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। अनूपमा शर्मा दूसरे और नीलांजना डे सिंह तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं पुरुष वर्ग में जोनाथन इशरवुड ने 1:24:35 के समय के साथ जीत दर्ज की, जबकि अजय यादव दूसरे और सिद्धार्थ सोलंकी तीसरे स्थान पर रहे। द सिटी रन्स ऑफ्टर डार्क थीम पर आधारित इस मेगा इवेंट में हजारों धावकों ने हिस्सा लिया और रात के अंधेरे में रोशनी, संगीत और जोश के बीच दौड़ लगाई। पढ़ें पूरी खबर...

9 of 11
सूखा (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : एएनआई
कृषि पर संकट बढ़ने की आशंका, मौसम विभाग का अनुमान
दक्षिण एशिया, विशेषकर भारत के लिए 2026 का मानसून चुनौतीपूर्ण रहने के संकेत दे रहा है। विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) के अनुसार जून से सितंबर के बीच मानसूनी वर्षा औसत से कम रह सकती है, जबकि दिन और रात दोनों समय तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भी 13 अप्रैल 2026 को जारी अपने पहले दीर्घावधि पूर्वानुमान में मानसून के सामान्य से कमजोर रहने की आशंका जताई है। ऐसे में कम बारिश और बढ़ती गर्मी का संयुक्त प्रभाव कृषि, जल संसाधनों और आम जीवन पर व्यापक दबाव डाल सकता है। मानसून की कमी का सबसे अधिक असर मध्य भारत के कृषि प्रधान क्षेत्रों में दिख सकता है, जहां वर्षा सामान्य से कम रहने की आशंका है। पढ़ें एक क्लिक पर...

10 of 11
ऋतुराज गायकवाड़-कार्तिक शर्मा - फोटो : IANS

IPL 2026: वानखेड़े के बाद चेपॉक में भी चेन्नई ने मुंबई को रौंदा
अंशुल कंबोज की अगुवाई में गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के बाद ऋतुराज गायकवाड़ और कार्तिक शर्मा की धमाकेदार बल्लेबाजी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने मुंबई इंडियंस पर आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की। शनिवार को चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने नमन धीर की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में सीएसके ने 18.1 ओवर में दो विकेट पर 160 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। मुंबई के लिए बुमराह और गजनफर ने एक-एक विकेट हासिल किया। पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन

11 of 11
सलमान खान - फोटो : इंस्टाग्राम

‘वो सलमान को ही गोली मारने आए थे’, भाईजान के बॉडीगार्ड का बड़ा खुलासा
सुपरस्टार सलमान खान को 2024 में जान से मारने की कोशिश की गई थी। इसी उद्देश्य से उनके गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग कराई गई थी। ये बड़ा खुलासा सलमान खान के पर्सनल बॉडीगॉर्ड ने एक विशेष अदालत को बताते हुए किया। इस मामले की सुनवाई पिछले महीने बॉडीगार्ड के पहले गवाह के रूप में बयान के साथ शुरू हुई। 14 अप्रैल 2024 को दो मोटरसाइकिल सवारों ने सलमान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलीबारी की थी। घटना का विवरण देते हुए बॉडीगार्ड जो इस मामले में शिकायतकर्ता भी हैं ने पिछले महीने गवाही दी कि वह 13 अप्रैल, 2024 को शाम 7 बजे अपनी नियमित नाइट ड्यूटी पर पहुंचे थे। उन्होंने अदालत को बताया कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से मिल रही धमकियों के कारण उस समय अभिनेता की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें