फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Top News: एशिया कप की तारीखों का एलान; पीएम मोदी का ब्रिटेन-मालदीव दौरा संपन्न और यूपी आरओ-एआरओ परीक्षा कल

Sat, 26 Jul 2025 08:25 PM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
विज्ञापन
1 of 11
दिन की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले तारीखों की घोषणा कर दी गई है। वहीं,  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मालदीव के स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने आभार जताया। वहीं, लोकसभा में बेहतरीन काम के लिए रवि किशन समेत 17 सांसदों को संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उधर, स्कूलों की जर्जर स्थिति पर ग्राउंड रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि हर विधानसभा क्षेत्र में 70% स्कूल खतरनाक हालात में हैं।  भारत और इंग्लैंड के जारी टेस्ट मैच में शुभमन गिल और केएल राहुल की अर्धशतकीय साझेदारी देखने को मिली है। आईआरसीटीसी ने नियमों के उल्लंघन पर ढाई करोड़ यूजर आईडी बंद कीं। केंद्र सरकार ने उर्वरक कंपनियों को चेतावनी दी कि किसानों को खाद के साथ कीटनाशक बेचना बंद करें। उधर, सोना ग्रुप की 30,000 करोड़ की संपत्ति को लेकर उत्तराधिकार विवाद पर दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की मां और पत्नी आमने-सामने आ गई हैं। फिल्म 'सैयारा' ने बॉक्स ऑफिस पर 9वें दिन 200 करोड़ का आंकड़ा पार किया, 2025 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी। यूपीपीएससी की आरओ-एआरओ परीक्षा प्रदेश के 2382 केंद्रों पर कल आयोजित की जाएगी, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अमर उजाला के इस लिंक पर पढ़ें देश-दुनिया, शिक्षा,  मनोरंजन, व्यापार, राजनीति से जुड़ी अहम खबरें..
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 11
Asia Cup 2025 - फोटो : Amar Ujala
Asia Cup IND vs PAK: एशिया कप में कब होगी भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत? सामने आईं तारीखें, देखिए पूरा शेड्यूल
एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने शनिवार को एशिया कप की तारीखों का एलान कर दिया। पुरुष क्रिकेट टीम के बीच होने वाला एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में खेला जाएगा। समाचार एजेंसी पीटीआई ने ड्राफ्ट कार्यक्रम के हवाले से बताया कि टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप मुकाबला रविवार (14 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की टीमें एक ही ग्रुप में हैं। ऐसे में रविवार (21 सितंबर) को सुपर 4 मैच में फिर से उनके आमने-सामने होने की उम्मीद है। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन

3 of 11
मालदीव के स्वतंत्रता दिवस समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी। साथ बैठे हैं राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू। - फोटो : पीटीआई
PM Modi Maldives Visit: मालदीव के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल हुए पीएम मोदी; मुइज्जू ने जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया। समारोह के मुख्य अतिथि पीएम नरेंद्र मोदी का मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने गर्मजोशी से स्वागत किया और आभार जताया। मालदीव की राजधानी माले में रिपब्लिक स्क्वायर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने मुइज्जू के साथ मालदीव की स्वतंत्रता की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित 50 मिनट से अधिक समय के कार्यक्रम को देखा। समारोह में सैन्य परेड और बच्चों एवं पारंपरिक कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। पढ़ें पूरी खबर

4 of 11
देश की संसद के रत्न - फोटो : अमर उजाला
Sansad Ratna: लोकसभा में बेहतर काम के लिए मिला सम्मान, संसद रत्न पुरस्कार से नवाजे गए रवि किशन समेत 17 सांसद 
लोकसभा में बेहतर काम करने पर 17 सांसदों को संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इन सांसदों ने लोकसभा में अपना अमूल्य योगदान दिया है। इसके अलावा चार सांसदों को विशेष जूरी पुरस्कार दिया। संसद रत्न पुरस्कार पाने वालों में गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन, एनसीपी शरद की सुप्रिया सुले, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और शिवसेना यूबीटी के सांसद अरविंद सावंत समेत 17 सांसद शामिल हैं। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन

5 of 11
राजस्थान में स्कूलों के भवनों की हालत खराब - फोटो : अमर उजाला
Ground Report: मौत के कुएं में बैठे मासूम, हर विधानसभा में 70% स्कूल जर्जर; विधायक बोले- जवाब नहीं देती सरकार
झालावाड़ की सरकारी पाठशाला बच्चों के लिए मृत्युशाला बन गई। शुक्रवार को सरकारी स्कूल की जर्जर बिल्डिंग गिरने से 7 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने सरकारी तंत्र की लापरवाही को उजागर कर दिया। कई वर्षों से मरम्मत का इंतजार कर रही स्कूल की बिल्डिंग आखिरकार उन बच्चों पर ही गिर गई जो वहां पढ़ने गए थे। इस हादसे के बाद सरकार पूरे दिन बचाव की मुद्रा में नजर आई। मृतक बच्चों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया गया। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन

6 of 11
शुभमन गिल - फोटो : पीटीआई
Ind vs Eng Live Score: दूसरा सत्र समाप्त, गिल-राहुल के बीच 86 रन की साझेदारी; इंग्लैंड से भारत 225 रन पीछे
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले का आज चौथा दिन है। शनिवार का खेल 544/7 से शुरू हुआ। इंग्लैंड की पहली पारी 669 रन पर सिमट गई। इस तरह मेजबानों ने भारत पर 311 रन की बढ़त हासिल कर ली। मेहमानों ने पहली पारी में 10 विकेट पर 358 रन बनाए थे। इंग्लैंड के लिए पहली पारी में जो रूट और बेन स्टोक्स ने शतकीय पारियां खेलीं। वहीं, भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने चार विकेट झटके। फिलहार भारत की दूसरी पारी जारी है। पढ़ें पूरी खबर

 
विज्ञापन

7 of 11
how to recover irctc account password - फोटो : अमर उजाला
Indian Railways: इस वजह से IRCTC ने बंद कर दी 2.5 करोड़ यूजर ID, ऐसे करे चेक आपकी आईडी भी तो नहीं हो गई ब्लॉक?
अगर आप भी ट्रेन टिकट आईआरसीटीसी के जरिए बुक करते यह खबर आपके लिए है, क्योंकि आईआरसीटीसी ने 2.5 करोड़ से ज्यादा यूजर आईडी को डीएक्टिवेट कर दिया है। रेलवे को डेटा के विश्लेषण में कुछ यूजर्स के बुकिंग पैटर्न पर शक हुआ था। इसी संदेह के आधार पर इन यूजर्स की आईडी को बंद किया गया है। सरकार ने संसद में एक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। पढ़ें पूरी खबर

8 of 11
शिवराज सिंह चौहान - फोटो : amarujala.com
Centre: किसानों को यूरिया और डीएपी के साथ नहीं बेच सकेंगे कीटनाशक, सरकार ने उर्वरक निर्माताओं को दी चेतावनी 
उवर्रक कंपनियां अब किसानों को यूरिया और डीएपी के साथ जबरन कीटनाशक, नैनो फर्टिलाइजर नहीं बेच सकेंगीं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद  रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय ने खाद निर्माताओं को सख्त चेतावनी दी है। उर्वरक निर्माताओं को लिखे पत्र में कहा गया है कि विभाग के संज्ञान में आया है कि कुछ गैर-सब्सिडी वाले उत्पाद जैसे कीटनाशक, नैनो उर्वरक, जैव-उत्तेजक और अन्य उत्पादों को किसानों को बिक्री के समय यूरिया और डीएपी-एनपीके जैसे सब्सिडी वाले उर्वरकों के साथ जबरन दिया जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर

9 of 11
संजय कपूर का पूरा कुनबा - फोटो : amarujala.com
Sona Group: 30000 करोड़ की कंपनी, उत्तराधिकारी पर बवाल; संजय कपूर की मां और पत्नी के बीच कैसा विवाद? जानिए
फिल्म अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और दिग्गज कारोबारी संजय कपूर की मौत के बाद उनकी पारिवारिक संपत्ति और विरासत को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। संजय कपूर की पर्सनल लाइफ जीते जी भी हमेशा चर्चा में रही। अब मरने के बाद भी उनकी संपत्ति को लेकर घमासान शुरू है। यह विवाद  संजय कपूर की मौत के बाद उनकी 30000 करोड़ की कंपनी में हिस्सेदारी और बंटवारे को लेकर लेकर छिड़ा है। अब तक की जानकारी के अनुसार संजय कपूर की मां रानी कपूर और उनकी तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव एक दूसरे के खिलाफ खड़े दिख रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर

10 of 11
सैयारा फिल्म - फोटो : सोशल मीडिया
Saiyaara: नौवें दिन 200 करोड़ क्लब में शामिल हुई 'सैयारा', बनी 2025 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म
फिल्म 'सैयारा' ने बॉक्स ऑफिस पर कब्जा कर लिया है। 18 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में लगी इस फिल्म ने शानदार ओपनिंग के साथ शुरुआत की। इसके पहले दिन की कमाई और दर्शकों की प्रतिक्रिया से ही अंदाजा हो गया कि यह फिल्म कमाल करने वाली है और ऐसा ही हो रहा है। हर दिन नए रिकॉर्ड बना रही इस फिल्म ने आज शनिवार को नौवें दिन एक और उपलब्धि दर्ज की है। यह 200 करोड़ी बन गई है। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन

11 of 11
यूपीपीएससी। UPPSC - फोटो : अमर उजाला
UPPSC : आरओ-एआरओ परीक्षा प्रदेश के 2382 केंद्रों पर कल, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के इतिहास की सबसे बड़ी परीक्षा समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) प्रारंभिक परीक्षा-2023 पर निगरानी के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यह परीक्षा 27 जुलाई को प्रदेश के 2382 केंद्रों पर होगी। इससे पूर्व 11 फरवरी 2024 को हुई इसी परीक्षा में पेपर लीक हो गया था और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को परीक्षा निरस्त करनी पड़ी थी। यह परीक्षा अब डेढ़ साल बाद होने जा रही है और इस दौरान परीक्षा की पारदर्शिता व निगरानी के लिए कई बड़े निर्णय लिए गए। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें