फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'गर्व इतना कि देर तक रोए नहीं': सबसे गमगीन विदाई की सबसे भावुक तस्वीरें देखें, प्रधानमंत्री ने देश के सर्वोच्च सेनापति को दी श्रद्धांजलि

Thu, 09 Dec 2021 08:50 PM IST
गौरव पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 14
हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वालों को पालम एयरबेस पर श्रद्धांजलि देते परिजन। - फोटो : ANI
यह देश की सबसे गमगीन विदाइयों में से एक है। गुरुवार शाम पालम एयरपोर्ट पर जैसे ही तिरंगे में लिपटी 13 पार्थिव देहों को विशेष विमान से एक-एक कर उतारा गया, हर उस देशवासी की आंखें नम हो गईं, जो टेलीविजन स्क्रीन पर इस मंजर को देख रहा था। इन पार्थिव देहों में एक शरीर देश के सर्वोच्च सेनापति जनरल बिपिन रावत का भी था। वही जनरल, जिन्होंने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में जाकर सर्जिकल स्ट्राइक करने और म्यांमार में जाकर आतंकियों का सफाया करने जैसे सैन्य अभियानों में अहम भूमिका निभाई थी। वही जनरल रावत, जो चीन और पाकिस्तान की आंखों की किरकिरी रहे और थलसेना प्रमुख के बाद देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बने।

तमिलनाडु में हेलीकॉप्टर क्रैश में जान गंवाने वाले जनरल रावत, उनकी पत्नी मधुलिका, ब्रिगेडियर एलएस लिद्दर, लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह समेत 13 लोगों के पार्थिव शरीर जब पालम एयरपोर्ट पहुंचे, तब उनके परिवार के सदस्यों ने मजबूत इरादों का परिचय दिया। उनकी आंखें नम जरूर थीं, लेकिन गर्व इतना था कि वे आम लोगों की तरह रोए नहीं। उनके कंधे झुके हुए नहीं थे। आखिर ये फौजियों के परिवार जो थे। इन्हें श्रद्धांजलि देने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, थलसेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे, नौसेना प्रमुख आर हरि कुमार, वायुसेना प्रमुख एयरचीफ मार्शल वीआर चौधरी भी पहुंचे। देखें पालम एयरपोर्ट की तस्वीरें...
विज्ञापन

2 of 14
पालम एयरबेस पर मधूलिका रावत के अंतिम अवशेष - फोटो : एएनआई
इस हादसे में सीडीएस रावत की पत्नी मधूलिका रावत का भी निधन हो गया। मधूलिका सेना में महिलाओं के हित से संबंधित एसोसिएशन (एडब्ल्यूडब्ल्यूए) की अध्यक्ष थीं। वायु सेना के अनुसार सीडीएस जनरल बिपिन रावत अपनी पत्नी के साथ वेलिंगटन में स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज का दौरा करने के लिए और वहां छात्रों व शिक्षकों को संबोधित करने जा रहे थे। 
विज्ञापन

3 of 14
ब्रिगेडियर लखविंदर सिंह लिड्डर के अंतिम अवशेष लाते सैनिक - फोटो : एएनआई
इस हादसे में भारतीय सेना के ब्रिगेडियर लखविंदर सिंह लिड्डर की भी जान चली गई। सेना के तीनों अंगों में सैन्य सुधारों को लेकर सीडीएस रावत के रक्षा सहायक के रूप में सेवाएं दे रहे ब्रिगेडियर लिड्डर मेजर जनरल के पद पर प्रोन्नत किए जाने वाले थे। हरियाणा के पंचकुला से आने वाले ब्रिगेडियर लिड्डर को सेना पदक और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया था।

4 of 14
सुलूर से पालम एयरबेस पहुंचा वायु सेना का विमान - फोटो : एएनआई
कुन्नूर में सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए सभी 13 मृतकों के पार्थिव शरीर को विमान से दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर लाया गया। यहां सीडीएस जनरल बिपिन रावत और अन्य सभी को श्रद्धांजलि दी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार) अजीत डोभाल और तीनों सेनाओं के प्रमुख श्रद्धांजलि देने के लिए यहां पहुंचेंगे। 
विज्ञापन

5 of 14
सीडीएस रावत के अंतिम अवशेष लाते सैनिक - फोटो : एएनआई
सेना के मुताबिक, अब तक केवल तीन पार्थिव अवशेषों की पहचान संभव हो पाई है (जनरल बिपिन रावत, मधुलिका रावत और ब्रिगेडियर एलएस लिड्डर)। इनके अवशेषों को संबंधित परिवारों को सौंपा जाएगा। बाकी अवशेषों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सकारात्मक पहचान औपचारिकताएं पूरी होने तक पार्थिव शरीर सेना बेस अस्पताल के मुर्दाघर में रखा जाएगा। 
विज्ञापन

6 of 14
पालम एयरबेस पर हादसे में जान गंवाने वालों की तस्वीरें - फोटो : एएनआई
देश के इतिहास के सबसे भयावह हादसों में एक इस हेलीकॉप्टर दुर्घटना में एकमात्र जीवित बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को इलाज के लिए बेंगलुरु के कमांड हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया है। कैप्टन वरुण सिंह के पिता और कोयंबटूर के आधिकारिक सूत्रों ने उनकी हालत को लेकर कहा कि अब तक उनके तीन ऑपरेशन हो चुके हैं। उनकी हालत गंभीर है लेकिन स्थिर है। 
विज्ञापन

7 of 14
पालम एयरबेस पर मृतकों के अंतिम अवशेष - फोटो : एएनआई
इस हादसे में जान गंवाने वालों में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, मधूलिका रावत, लांस नायक विवेक किमार, नायक गुरुसेवक सिंह, लांस नायर बीएस तेजा, नायक जितेंद्र कुमार, लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह, ब्रिगेडियर लखविंदर सिंह लिड्डर, हवलदार सतपाल राज, विंग कमांडर पीएस चौहान, स्क्वार्ड्रन लीडर के सिंह, जेडब्ल्यूओ प्रताप दास व जेब्ल्यूओ प्रदीप ए शामिल हैं।

8 of 14
पालम एयरबेस पर एनएसए डोभाल - फोटो : एएनआई
इस हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल दिल्ली के पालम एयरबेस पहुंच चुके हैं। सीडीएस जनरल बिपिन रावत की दोनों बेटियां भी यहां पर मौजूद हैं। उनका पार्थिव शरीर के यहां पहुंचते ही उनकी आंखों से आंसू बहने लगे। इसके अलावा यहां पर कुछ दूसरे सैन्य कर्मियों के रिश्तेदार भी मौजूद हैं। 

9 of 14
पालम एयरबेस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह - फोटो : एएनआई
इस भयावह हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी पालम एयरबेस पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने इस दर्दनाक दुर्घटना में जान गंवाने वाले सीडीएस जनरल बिपिन रावत और मधूलिका रावत की दोनों बेटियों से भी मुलाकात की और उन्हें ढाढ़स बंधाया। इसके अलावा केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट भी यहां पहुंच चुके हैं।

10 of 14
पीएम मोदी ने श्रद्धांजलि दी। - फोटो : ANI
सीडीएस जनरल बिपिन रावत एवं 12 अन्य लोगों के पार्थिव शरीर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इससे पहले वायुसेना का सी130 जे सुपर हरक्युलिस विमान सभी पार्थिव शरीरों को लेकर शाम करीब पौने आठ बजे पालम पहुंचा।
 

11 of 14
पीएम मोदी। - फोटो : ANI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैनिकों के परिजन से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उनका ढांढस बंधाया। इसके थोड़ी देर बाद ही पीएम मोदी वहां से रवाना हो गए।

12 of 14
परिजन - फोटो : ANI
हेलीकॉप्टर क्रैश में जान गंवाने वाले सैनिकों के परिजन गम को छिपाए हुए एक ओर खड़े रहे। सभी की आंखें नम थीं। सभी आखिरी बार पार्थिव शरीर के दर्शन करना चाह रहे थे, लेकिन हादसा इतना विभत्स था कि वे ऐसा कर नहीं पाए।

13 of 14
शहीद सैनिकों के परिजन। - फोटो : ANI
हादसे में अपनों को खो चुके लोग एक-दूसरे को हिम्मत देते दिखाई दिए। कोई किसी के आंसू पोछ रहा था, तो कोई एक-दूसरे के कंधों को संभाले, उन्हें हिम्मत रखने की बात कह रहा था।
विज्ञापन

14 of 14
नम आंखों से दी श्रद्धांजलि। - फोटो : ANI
हादसे में जान गंवाने वाले 12 लोगों के परिवार और परिजन पालम एयरबेस पर मौजूद थे। सभी की आंखें नम थीं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें