गोरखपुर में मतगणना शुरू होने के तीसरे दिन भी जिला प्रशासन जिला पंचायत सदस्य के सभी पदों के नतीजे नहीं घोषित कर सका। मंगलवार की आधी रात तक सिर्फ 25 वार्डों के ही विजयी प्रत्याशियों को जीत का प्रमाण पत्र दिया जा सका है। यह स्थिति तब है, जबकि गिनती का काम सोमवार की रात को ही खत्म हो गया था। देरी के लिए प्रशासन के आला अफसर आरओ पर दोष मढ़ते रहे तो आरओ, आला अफसरों पर अपनी जिम्मेदारी ठेलते रहे। हर कोई चुप्पी साधे रहा और आखिरी तक कोई यह बताने की स्थिति में नहीं था कि आखिर सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र कब तक दिए जाएंगे।