गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में लगे जनता दरबार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गरीबों की जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। कोई भू माफिया या अपराधी किसी की जमीन कब्जा न करने पाए। जनता दर्शन कार्यक्रम में रविवार को करीब 800 लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। इनमें से केवल दो सौ लोगों से ही सीएम योगी ती मुलाकात हो पाई। बाकी लोगों की समस्याओं को अधिकारियों ने सुना और उनका प्रार्थना पत्र लिया।
सीएम योगी के सामने अपनी समस्याएं रखने वालों में कई ने जमीन विवाद का मुद्दा उठाया। जंगल कौड़िया ब्लॉक के कुसहरा निवासी पवन सिंह, खोराबार क्षेत्र के रायगंज निवासी भागवत यादव ने सीएम को बताया कि उनकी जमीन पर कुछ लोग कब्जा किए हैं। मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास, छात्रवृत्ति न मिलने से जुड़ी समस्याएं भी मुख्यमंत्री के सामने आईं।