फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Year Ender 2023: नेटफ्लिक्स के आसमान पर इस साल चमके ये 10 सितारे, के के, जयदीप और तब्बू रहे सबसे आगे

Sat, 23 Dec 2023 09:44 AM IST
मोहम्मद फायक अंसारी अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 11
टॉप 10 नेटफ्लिक्स सितारे - फोटो : अमर उजाला
साल के शुरुआत से लेकर अंत तक ओटीटी प्लेटफार्म  नेटफ्लिक्स पर एक से बढ़कर एक सीरीज और फिल्में रिलीज हुई, जिनमें काम करने वाले कलाकारों के अभिनय को भी खूब सराहा गया। नेटफ्लिक्स की सीरीज और फिल्मों में अपने सहज अभिनय से कलाकारों ने दर्शकों को ऐसे प्रभावित किया कि उनके अभिनय की अब भी खूब चर्चा हो रही है। आइए जानते हैं नेटफ्लिक्स के इस साल के 10 दमदार सितारों के बारे में... 
Box Office Report: सलार ने पहले दिन की छप्परफाड़ कमाई, डंकी समेत दूसरी फिल्मों का ऐसा रहा हाल
 
विज्ञापन

2 of 11
राजश्री देशपांडे - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
राजश्री देशपांडे (ट्रायल बाय फायर)
रिलीज – 13 जनवरी 2023
दिल्ली के उपहार सिनेमा के अग्निकांड पर बनी सीरीज 'ट्रायल बाय फायर' में अभिनेत्री राजश्री देशपांडे ने नीलम कृष्णमूर्ति का किरदार निभाया। इस किरदार के लिए राजश्री देशपांडे की खूब प्रशंसा हुई। एक दृढ़ निश्चयी और दुखी मां के किरदार को  उन्होंने अपने अभिनय से जीवंत कर दिया। साथ ही सिस्टम के साथ साथ कानून की रखवाली करने वालों की बखिया उधेड़ती चलती इस सीरीज की असल नायक के रूप में राजश्री देशपांडे उभरी।
विज्ञापन

3 of 11
करिश्मा तन्ना - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
करिश्मा तन्ना (स्कूप)
रिलीज - 2 जून 2023
हंसल मेहता की वेब सीरीज  'स्कूप' करिश्मा तन्ना ने एक निडर खोजी पत्रकार जागृति पाठक का किरदार निभाया था। इस किरदार में करिश्मा तन्ना को दुनिया भर के दर्शकों ने  खूब  सराहा। बुसान फिल्म फेस्टिवल में ‘स्कूप’ के लिए करिश्मा तन्ना को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के अवार्ड से सम्मनित किया गया। इस सीरीज में करिश्मा तन्ना ने मुंबई की चर्चित पत्रकार जिगना वोरा से प्रेरित किरदार निभाया।  

4 of 11
तिलोत्तमा शोम - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
तिलोत्तमा शोम (लस्ट स्टोरीज 2) 
रिलीज – 29 जून 2023
नेटफ्लिक्स की सीरीज 'लस्ट स्टोरीज 2' चार कहानियों की फिल्मावली है।  इस सीरीज की एक कहानी 'द मिरर' का निर्देशन कोंकणा सेन शर्मा ने किया था। इस कहानी में  तिलोत्तमा शोम ने  ग्राफिक डिजाइनर इशिता सेनगुप्ता की भूमिका निभाई है। तिलोत्तमा शोम ने एक निषिद्ध रिश्ते की जटिलताओं को सुलझाने वाली एक शहरी महिला के किरदार को बहुत ही गहराई से निभाया और अपने अभिनय से  दर्शकों पर लंबे समय तक प्रभाव छोड़ा।
विज्ञापन

5 of 11
सुविंदर विक्की - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
सुविंदर विक्की (कोहरा)
रिलीज – 15 जुलाई 2023
वेब सीरीज 'कोहरा' एक एनआरआई की मौत के खोज पर आधारित थी। इस सीरीज में अभिनेता सुविंदर विक्की ने एक अनुभवी और सिद्धांतवादी पुलिसकर्मी बलबीर सिंह का किरदार निभाया। सुविंदर विक्की ने एक ऐसे पुलिस अधिकारी का किरदार बढ़िया तरीके से निभाया है, जो अपनी ईमानदारी और अपने परिवार के साथ अपने तनावपूर्ण संबंधों के बीच सामंजस्य बनाकर चलता है। 
विज्ञापन

6 of 11
गुलशन देवैया - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
गुलशन देवैया (गन्स एंड गुलाब्स)
रिलीज – 18 अगस्त 2023
वेब सीरीज 'गन्स एंड गुलाब्स' में गुलशन देवैया ने आत्माराम का किरदार निभाकर खूब चर्चा में रहे। कॉन्ट्रेक्ट किलर आत्माराम की भूमिका में वह बेहद खतरनाक लगे। अपने रामपुरी चाकू कौशल के लिए जाने जाने वाले एक कॉन्ट्रैक्ट किलर की भूमिका में गुलशन देवैया ने अपने अभिनय से किरदार को जीवंत कर दिया।
विज्ञापन

7 of 11
जयदीप अहलावत - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
जयदीप अहलावत (जाने जां)
रिलीज- 21 सितंबर 2023
फिल्म 'जाने जां' में अभिनेता जयदीप अहलावत ने एक गणित अध्यापक नरेन की भूमिका निभाई है। नैतिक दुविधा में फंसा उनका ये किरदार उनकी विलक्षण अभिनय प्रतिभा का इस साल का नमूना है। अभिनेता जयदीप अहलावत ने अपने किरदार को बहुत ही कुशलता से निभाया। संवाद अदायगी और मनमोहक अभिव्यक्ति के माध्यम से जयदीप अहलावत ने अपने किरदार को जीवंत कर दिया।

8 of 11
तब्बू - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
तब्बू (खुफिया) 
रिलीज- 5 अक्तूबर 2023
बढ़ती उम्र के चढ़ते जादू को परदे पर उतारने वाली तब्बू का निर्देशक विशाल भारद्वाज से नया मिलन फिल्म 'खुफिया' में अदाकारी का नया सबक बनकर सामने आया है। फिल्म में कृष्णा मेहरा के किरदार को तब्बू ने जिस शिद्दत से निभाया है, वह देखने लायक है। बांग्लादेशी अभिनेत्री अजमेरी हक के साथ वाले दृश्यों में उनकी बेलौस अदाकारी और अपने कर्तव्य के सामने परिवार को हाशिये पर धकेलते रहने की मजबूरी ने इस किरदार को कालजयी बना दिया है।

9 of 11
के के मेनन - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
के के मेनन (द रेलवे मेन)
रिलीज – 18 नवंबर 2023
भोपाल गैस त्रासदी पर बनी सीरीज  'द रेलवे मेन'  में के के मेनन द्वारा निभाया गया इफ्तिकार सिद्दीकी का किरदार पहले एपिसोड से लेकर आखिरी एपिसोड तक दर्शकों को बांधे रखता है। इस सीरीज में के के मेनन ने एक अनुभवी रेलवे मास्टर  का किरदार बड़ी ही सहजता से निभाया है। के के मेनन का किरदार सीरीज में एक ऐसी डोर है जो पूरी श्रृंखला को एक साथ बांधती है। 

10 of 11
वेदांग रैना (बाईं ओर) - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
वेदांग रैना (आर्चीज)
रिलीज – 7 दिसंबर 2023
जोया अख्तर निर्देशित फिल्म ‘द आर्चीज’ के मुख्य कलाकारों से लेकर सहायक कलाकारों तक सबने दमदार अभिनय किया। लेकिन, फिल्म की असली खोज हैं अभिनेता वेदांग रैना। रेजी के किरदार में वेदांग ने असल हीरो होने का माद्दा फिल्म में दिखाया है। कहानी का असली कैटलिस्ट भी यही किरदार है। फिल्म की रिलीज से पहले ही उनके काम की तारीफें बाहर आती रही हैं और वह आलिया भट्ट के साथ उनकी अगली फिल्म ‘जिगरा’ की शूटिंग भी शुरू कर चुके हैं।
विज्ञापन

11 of 11
आदर्श गौरव - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
आदर्श गौरव (खो गए हम कहां)
रिलीज- 26 दिसंबर 2023
आदर्श गौरव भी साल के जाते जाते नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई साल 2023 की फिल्मों और वेब सीरीज के टॉप 10 सितारों में शामिल हो चुके हैं। फिल्म में आदर्श ने एक मध्यमवर्गीय परिवार के ऐसे लड़के का किरदार निभाया है जिसकी दोस्ती एक रईस घराने के लड़के और एक बढ़िया नौकरी कर रही लड़की से है। तीनों बोर्डिंग स्कूल में साथ पढ़े और अब भी दोस्त हैं। फिर तीनों के बीच सोशल मीडिया आ जाता है। फिल्म में आदर्श के किरदार के कई शेड्स हैं और ऐसे हर मौके को आदर्श ने अपने विकास के लिए बखूबी इस्तेमाल किया है।
Ayat Pre B'day Bash: अर्पिता खान-आयुष शर्मा की बेटी आयत के प्री-बर्थडे बैश में पहुंचे सितारे, देखें तस्वीरें
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें