फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Special Ops 1.5: हिम्मत सिंह की असली कहानी का पहली बार खुलासा, ट्रेलर में दिखे ये दिलचस्प किरदार

Tue, 19 Oct 2021 04:46 PM IST
प्रतिभा सारस्वत अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 4
स्पेशल ऑप्स 1.5 - फोटो : अमर उजाला मुंबई
कोरोना शुरू होने से ठीक पहले भारतीय ओटीटी जगत में अपनी तरह के अनोखे जासूसी थ्रिलर ‘स्पेशल ऑप्स’ से डिजिटल दुनिया का बड़ा धमाका करने वाले निर्देशक नीरज पांडे की इस सीरीज की अगली कड़ी ‘स्पेशल ऑप्स 1.5: द हिम्मत स्टोरी’ की कहानी भी अब खुलने लगी है। मंगलवार को रिलीज हुए इसके ट्रेलर के मुताबिक ये कहानी 20 साल पहले संसद पर हुए हमले के साथ शुरू होती है। खुफिया तंत्र की इस विफलता पर युवा हिम्मत सिंह पर बर्खास्तगी की तलवार लटकने लगी और वह राजनीति, अफसरशाही, हनी ट्रैपिंग व एक के बाद एक होने वाली हैरतअंगेज घटनाओं में उलझ जाता है। इस बीच हिम्मत सिंह अपने शैक्षणिक दिनों के पुराने दोस्त के साथ मिलकर एक भारतीय अधिकारी का पीछा करता है। हिम्मत सिंह को पता चलता है कि यह लापता अधिकारी रॉ की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उसे तत्काल खोजे जाने की जरूरत है। हिम्मत मॉरिशस में अपने स्थानीय स्रोतों को सक्रिय करता है और उस अधिकारी को तलाशने व बचाने के सफर पर निकल पड़ता है। जल्द ही हिम्मत और विजय को ऐसी बहुत सारी चीजों के बारे में पता चलता है, जो आंखों को दिखाई नहीं दे रहीं।
विज्ञापन

2 of 4
स्पेशल ऑप्स 1.5 में के के मेनन - फोटो : अमर उजाला मुंबई
मुंबई, दिल्ली, मॉरिशस, और उक्रेन आदि जगहों पर शूट हुई ‘स्पेशल ऑप्स 1.5: द हिम्मत स्टोरी’ दरअसल एक प्रीक्वेल सीरीज़ है, जो दर्शकों को अतीत में ले जाकर दिखाएगी कि एजेंट हिम्मत सिंह आखिर इतना हिम्मतवाला अफसर बना कैसे। के के मेनन सीरीज में फिर से हिम्मत सिंह का किरदार निभा रहे हैं। इस मिनी सीरीज़ में उनके साथ आफताब शिवदासानी, गौतमी कपूर, विनय पाठक, परमीत सेठी, केपी मुखर्जी, ऐश्वर्य सुश्मिता, मारिया रयाबोशप्का, शिव ज्योति राजपूत, विनय विक्रम सिंह, सांतनु घटक आदि भी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
विज्ञापन

3 of 4
नीरज पांडे - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
इस सीरीज के रचयिता निर्देशक नीरज पांडे कहते हैं, ‘‘स्पेशल ऑप्स ने दर्शकों के दिलों में अपनी एक अलग जगह बनाई क्योंकि हर किरदार की कहानी सीरीज में काफी दिलचस्प मोड़ लेकर आती है। लेकिन हिम्मत सिंह के किरदार ने दर्शकों के बीच अलग जगह बनाई। ‘स्पेशल ऑप्स 1.5: द हिम्मत स्टोरी’ के साथ हम स्पेशल ऑप्स का एक यूनिवर्स बनाना चाहते हैं, जो हमारे शो के फैंस को उनके चहेते रॉ एजेंट के बनने की कहानी दिखाएगा। दर्शकों को देखने को मिलेगा कि पहली कड़ी में उन्होंने जिस हिम्मत सिंह को इतना प्यार दिया था, वह हिम्मत सिंह कैसे बना।’’
विज्ञापन

4 of 4
के के मेनन - फोटो : अमर उजाला मुंबई
सीरीज में हिम्मत सिंह का किरदार कर रहे अभिनेता के के मेनन के मुताबिक, ‘‘सीरीज ‘स्पेशल ऑप्स 1.5: द हिम्मत स्टोरी’ से पहले आई सीरीज में हिम्मत सिंह का किरदार निभाना एक अभिनेता के रूप में मेरे लिए बहुत समृद्ध अनुभव था। अब ‘स्पेशल ऑप्स 1.5’ में हिम्मत को युवा रूप में दिखाया जाएगा जो अपने आवेग से प्रेरित होकर काम करता है। इसके लिए एक अभिनेता के रूप में मुझे हिम्मत की मौलिकता व सार को खोए बिना उसके युवा रूप में ढलना था। मुझे इसे इतनी श्रेष्ठता के साथ करना था कि युवा रूप में बिल्कुल अलग होने के बाद भी दर्शक उसे देखकर यह कह सकें कि हां यही व्यक्ति आगे जाकर हिम्मत सिंह बनेगा।’’

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें