टीवी पर इन दिनों रियलिटी शोज की धूम है। डांस से लेकर गेम तक हर तरह के रियलिटी शोज को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। ऐसे में मशहूर गेम शो कौन बनेगा करोड़पति के 13वें सीजन को भी दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं। इस शो में आने वाले आम कंटेस्टेंट की कहानी दर्शकों को प्रभावित करती है तो वहीं सेलेब्स के आने से शो में ढेर सारी मस्ती होती है। हर शुक्रवार को शो में एक खास एपिसोड प्रसारित होता है जहां कोई खास मेहमान शो का हिस्सा बनता है। इसी क्रम में इस शक्रवार प्रसारित हुए एपिसोड के मेहमान बने ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा और हॉकी खिलाड़ी पीआर श्रीजेश।
आज प्रसारित हुए एपिसोड में ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा और हॉकी खिलाड़ी पीआर श्रीजेश केबीसी की हॉट सीट पर बैठे नजर आए। शो में पहुंचे दोनों खिलाड़ी ने इस दौरान अपने संघर्ष की कहानी और अनुभवों को दर्शकों के साथ साझा किया।