फिल्म- सोहनी महिवाल
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म में महिवाल का किरदार पहले पहल कुमार गौरव को ऑफर हुआ। कुमार गौरव की लव स्टोरी रिलीज हो चुकी थी और उनके करियर की कमान उन दिनों उनके पिता और जुबली कुमार के नाम से मशहूर रहे राजेंद्र कुमार के हाथों में थी। इंडो रशियन प्रोजेक्ट देख राजेंद्र कुमार ने उमेश मेहरा से खासी मोटी रकम मांग ली। और, कुमार गौरव के हाथ से फिल्म निकल गई। इसके बाद उमेश मेहरा ने राज कपूर के बेटे राजीव कपूर को फिल्म में लेने का मन बनाया लेकिन वह राम तेरी गंगा मैली के लिए अपनी तमाम तारीखें दे चुके थे। फिल्म का जिक्र इसके बाद धर्मेंद्र के सामने हुआ तो उन्होंने महिवाल के किरदार के लिए सनी देओल को लेने के बात कही।
सनी देओल को महिवाल का किरदार पसंद आया और उन्होंने हां भी कर दी। लेकिन सोहनी के किरदार में पूनम ढिल्लों से हां करना इतना आसान नहीं रहा फिल्म के निर्देशक के लिए। उमेश मेहरा ने दरअसल जब फिल्म की कहानी पूनम को सुनाई तो नरेशन में वह कुछ सीन सुनाना भूल गए। पूनम को लगा कि ये फिल्म तो पूरी तरह महिवाल के किरदार पर है, सोहनी का तो कुछ है ही नहीं। तो उमेश मेहरा ने उन्हें फिर से समझाया, मनाया और तैयार किया इस किरदार के लिए। फिल्म का बड़ा हिस्सा रूस में शूट हुआ है।
इस फिल्म की शूटिंग के लिए सनी देओल और पूनम ढिल्लों रूस में थे और यहां भारत में सनी देओल की पहली फिल्म बेताब रिलीज हो गई। ये उन दिनों की बात है जब न इंटरनेट होता था और न ही मोबाइल। ले देकर लैंडलाइन टेलीफोन हुआ करते थे और उन पर भी विदेश बात करना आसान न था। रूस तब तक अविभावित रूस ही था और वहां की सरकार थी भी बहुत सख्त। सनी देओल तमाम ट्रंक कॉल बुक करते कि पता करें फिल्म का हाल क्या है, पर पूरा पूरा दिन हो जाता पर बंबई बात नहीं हो पाती।
पढ़ें: बाइस्कोप: मो. अजीज के गाने 'दुनिया में कितना..' ने सुपरहिट कराई फिल्म अमृत, इस हॉलीवुड मूवी की रीमेक