वेब सीरीज रिव्यू: नवंबर स्टोरी
लेखक, निर्देशक: इंद्र सुब्रमण्यन
कलाकार: तमन्ना भाटिया, जी एम कुमार और पशुपति आदि।
ओटीटी: डिज्नी प्लस हॉटस्टार
रेटिंग: **
जो काम अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने अब शुरू किया है, वही काम अगर उन्होंने अपनी दो सुपरहिट फिल्मों ‘बाहुबली द बिगनिंग’ और ‘बाहुबली द कनक्लूजन’ के समय ही कर लिया होता तो वह हिंदी सिनेमा की टॉप थ्री अभिनेत्रियों में शुमार हो सकती थीं। दक्षिण में उन्होंने बहुत काम किया है। बहुत नाम भी किया है। लेकिन, हिंदी सिनेमा में जब जब उन्होंने वापसी करने की कोशिश की, हर बार गलत फिल्म और गलत टीम चुनी। ‘हिम्मतवाला’, ‘हमशकल्स’, ‘एंटरटेनमेंट’, ‘खामोशी’ और अब ‘बोले चूड़ियां’ ये ऐसी फिल्में हैं जिनके चलते तमन्ना की हिंदी सिनेमा की टॉप हीरोइन बनने की तमन्ना अधूरी ही रह गई। अब जाकर उन्होंने निर्माता करण जौहर की शरण ली है। अब करण जौहर की कंपनी धर्मा कॉर्नरस्टोन एजेंसी ही तय करती है कि तमन्ना हिंदी में कौन सी फिल्म करेंगी और कौन सी नहीं। इस बीच उन्हें सुजॉय घोष की एक फिल्म समेत कुछ अच्छे प्रस्ताव मिले भी हैं। पर, ‘नवंबर स्टोरी’ इस नई व्यवस्था से पहले की सीरीज है और तमन्ना की बहुत मेहनत के बाद भी इसमें तमन्ना के करियर को फायदा पहुंचाने वाला कुछ भी नहीं है।