वेब सीरीज रिव्यू: रनअवे लुगाई
लेखक: अबीर सेनगुप्ता
निर्देशक: अविनाश दास
कलाकार: नवीन कस्तूरिया, रूही सिंह, संजय मिश्रा, पंकज झा आदि।
ओटीटी प्लेयर: एमएक्स प्लेयर
रेटिंग: *
‘मस्तराम’ से ‘राम युग’ होते हुए एमएक्स प्लेयर लौटकर ‘रनअवे लुगाई’ पर आ गया है। कमाल की फिल्म ‘अनारकली ऑफ आरा’ बनाने वाले निर्देशक अविनाश दास को भी अब मुंबई समझ आने लगा है। दिखता यही है कि वह भी नाम कमाने के बाद अब दाम कमाने के फेर में हैं। ‘इंदु की जवानी’ जैसी फिल्म लिखने और निर्देशित करने वाले अबीर सेनगुप्ता ने बिहार की पृष्ठभूमि पर एक कहानी जमाने की कोशिश की है और जिस सधे अंदाज से अविनाश दास ने सीरीज का ओपनिंग मोंटाज काटा है, उतनी ही आजादी अगर उन्हें पूरी सीरीज बनाने में मिली होती तो इस देखी सुनी सी कहानी में कुछ तो अलहदा रंग वह भर ही सकते थे। लेकिन, जैसा कि एमएक्स प्लेयर की क्रिएटिव टीम ने इस सीरीज की बिहार में शूटिंग के दौरान अपना ‘ज्ञान’ उड़ेला था, सीरीज भी वैसी ही ओवरफ्लो में बहकर रह गई है।