वेब सीरीज रिव्यू: लोकी
सृजक: माइकल वाल्ड्रन (स्टैन ली व अन्य के रचे कॉमिक ‘लोकी’ पर आधारित)
कलाकार: टॉम हिडल्सटन, ओवेन विल्सन, गुगु बाथा रा, वुनमी मोसाकू, सोफिया डी मार्टिनो, रिचर्ड ई ग्रांट, यूजीन कॉर्डेरो आदि।
निर्देशक: केट हेरॉन
ओटीटी: डिज्नी प्लस हॉटस्टार
रेटिंग: ***
मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स का विस्तार हो रहा है। सिनेमा से निकलकर ये ओटीटी पर फैल रहा है। पिछले डेढ़ साल में जो कुछ दुनिया में हो रहा है और इसके चलते जो कुछ हमारे जीवन में बदल रहा है, उसका असर ओटीटी पर दिख रही नई कहानियों पर भी पड़ रहा है। ‘द फैमिली मैन’ के श्रीकांत तिवारी को अगले सीजन में कोरोना की साजिश से लड़ना है। इधर, ‘अवेंजर्स’ सीरीज का एक अहम किरदार एक दूसरी ही दुनिया में पहुंच गया है। कहानी की ये शाखा एमसीयू में वहां से उगी है, जहां लोकी ने एमसीयू की टाइमलाइन में साल 2012 में टेसैरेक्ट हाथ में आने के बाद भागने की कोशिश की। सोचिए क्या हो अगर लोकी कहीं ऐसी जगह पहुंच जाए जो धरती की टाइमलाइन से अलग किसी दूसरी ही दुनिया की हो। और, वहां लोग ऐसे हों जिनके जिम्मे ही टाइमलाइन को उनके निर्धारित समय से चलाए रखने की जिम्मेदारी हो और जो टाइमलाइन को बाधित करने वालों को सजा देने के लिए जिम्मेदार हों!