अनामिका
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
‘फॉरबिडेन लव’ फिल्मावली की जो दूसरी फिल्म जी5 ने बुधवार को रिलीज की, वह ‘अरैंज्ड मैरिज’ की तरह ही परदे के पीछे वाले प्यार की ही कहानी है, लेकिन यहां दर्शकों की निगाहें शुरू से आखिर तक इसकी अभिनेत्री पूजा कुमार से हट ही नहीं पातीं। हिंदी फिल्म के दर्शकों ने उन्हें कमल हासन के साथ ‘विश्वरूपम’ में जब से देखा है, उनकी फैन फॉलोइंग उत्तर भारत में भी खूब बढ़ी है। अमेरिका में पली बढ़ीं पूजा कुमार का इतना मादक रूप शायद ही पहले कभी देखने को मिला हो। पूजा कुमार यहां एक कुशल गृहिणी हैं, जो घर पर बूढ़े ससुर की देखभाल करती है और बाहर एक कैफे में नौकरी भी करती है। पति दिन रात काम मे बिजी रहता है और मौका मिलने पर भी अपनी बीवी को तवज्जो नहीं देता। हालात कुछ ऐसे बनते हैं कि घर की मुर्गी को रोस्टेड चिकन बनाकर स्वाद लेने वाला मिल जाता है। दोनों मिलते हैं। घुलते हैं और इतना हिल जाते हैं कि साथ नई दुनिया बसाने का मन भी बना लेते हैं। और, फिर..! इसके बाद जो होता है, वह बता देने से फिल्म देखने का मजा किरकिरा हो सकता है।