Movie Review : बुलबुल (Bulbbul)
कलाकार: तृप्ति डिमरी, राहुल बोस, अविनाश तिवारी, पाओली डैम, परमब्रता चट्टोपाध्याय आदि।
निर्देशक: अन्विता दत्त
निर्माता: अनुष्का शर्मा, कर्णेश शर्मा
ओटीटी: नेटफ्लिक्स
रेटिंग: ***1/2
हिंदी फिल्में देखने वाले किसी 20-25 साल के युवा से पूछो कि अन्विता दत्त का नाम सुना है, तो जवाब मिलता है हां कुछ सुना सुना तो लगता है। फिर याद दिलाओ उनका टशन का गाना ‘छलिया छलिया छलिया, रूह चुरा लूं मैं हूं ऐसी छलिया’ तो जवाब आएगा, हां, चमका। तकरीबन 15 साल से अन्विता सिनेमा में हैं। जो सिनेमा पर करीब से नजर रखते हैं, वे उन्हें जानते भी हैं, पहचानते भी हैं। लेकिन, नया दर्शक नया सिनेमा याद रखता है। गाने और संवाद नहीं। इस लिहाज से अन्विता दत्त की बतौर निर्देशक पहली फिल्म बुलबुल उनकी पहली दस्तक है, हिंदी सिनेमा के उन दर्शकों के लिए जो सितारों के आगे जहां और भी है, में यकीन रखते हैं। एक सधी हुई कहानी, एक दमदार मददगार टीम और एक हिम्मतवाली प्रोड्यूसर। अन्विता की असली उड़ान अब बुलबुल से शुरू होती है।