हिंदी सिनेमा उद्योग कमाल के फॉर्मूलों और तरीकों पर काम करता है। अब अभिनेता विजय सेतुपति को ही ले लीजिए। उनकी जब भी कोई फिल्म हिंदी रीमेक के लिए चर्चा में आई, वह कभी आसानी से परदे तक नहीं पहुंच पाई। ‘विक्रमवेधा’ वह पहली फिल्म है जिसने विजय सेतुपति की चर्चा देश की हिंदी पट्टी में कराई। इस फिल्म में विजय सेतुपति वाला रोल शाहरुख खान से शुरू होकर आमिर खान से होता हुआ अब ऋतिक रोशन के पास पहुंचा है। उसी तरह एक नई म्यूजिकल चेयर विजय सेतुपति की एक और फिल्म ‘96’ को लेकर चल रही है। तमिल में बनी इस कमाल फिल्म के रीमेक राइट्स मशहूर निर्देशक जोड़ी कृष्णा और डीके ने खरीदे थे। पर तय समय में ये फिल्म बन न सकी। अब इसके रीमेक राइट्स उन अजय कपूर ने खरीदे हैं जो पहले टी सीरीज में काम कर चुके हैं और टी सीरीज इस फिल्म को हिंदी में बनाने का कृष्णा और डीके का प्रस्ताव कोरोना संक्रमण काल शुरू होने से ठीक पहले नकार चुकी है।