फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ की कामयाबी से बेहद उत्साहित निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने अपनी इस फिल्म को देश को समर्पित कर दिया है। ‘अमर उजाला’ से एक बातचीत में उन्होंने कहा कि इस फिल्म की कामयाबी इस देश की जनता की है, इसे देखने वाले दर्शकों की है। बतौर निर्देशक एक बात कहने की जो मेरी जिम्मेदारी थी, वह मैंने पूरी कर दी। इस बीच फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ की कमाई के आंकड़ों ने हिंदी सिनेमा की दिग्गज फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ने मंगलवार को भी जारी रखे। फिल्म के कलेक्शन ने अजय देवगन की सुपर हिट फिल्म ‘तानाजी’ का भी पहले मंगलवार की कमाई का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अगर फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ की कमाई की ये रफ्तार दूसरे हफ्ते भी जारी रही तो ये फिल्म ‘जय संतोषी मां’ का भी रिकॉर्ड तोड़ सकती है जिसने साल 1975 में अपनी लागत की बीस गुना कमाई बॉक्स ऑफिस पर की थी।