फिल्म जॉनी गद्दार
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
जॉनी गद्दार (2007)
श्रीराम राघवन की दूसरी फिल्म ‘जॉनी गद्दार’ साल 2007 में रिलीज हुई। हिंदी सिनेमा में अपनी तरह की ये भी एक अनोखी फिल्म रही। मशहूर गायक मुकेश के पौत्र व गायक नितिन मुकेश के पुत्र नील नितिन मुकेश की ये डेब्यू फिल्म है। फिल्म में धर्मेंद्र, जाकिर हुसैन, विनय पाठक, गोविंद नामदेव, दयानंद शेट्टी, अश्विनी कलसेकर के अलावा रिमी सेन भी एक खास भूमिका में हैं। श्रीराम फ्रेंच सिनेमा से काफी प्रभावित रहे हैं। इस फिल्म में भी वह ‘सिम्फनी पोर उन मैसेकर’ से प्रेरित दिखते हैं। इस फिल्म की पटकथा ही इसकी जान है। कैसे फिल्म का हीरो अपने ही साथियों को लूटने की योजना बनाता है और कैसे इस लूट में अपना नाम आने से बचाने के लिए गोवा, पुणे और मुंबई के बीच यात्राएं करता रहता है, यही फिल्म की जान है। इसी फिल्म से श्रीराम ने पुरानी हॉलीवुड और हिंदी फिल्मों के दृश्यों और गानों को अपनी कहानी में पिरोना शुरू किया। ये फिल्म जिस साल रिलीज हुई, उस साल दर्शक ‘ओम शांति ओम’, ‘वेलकम’, ‘चक दे इंडिया’, ‘पार्टनर’ और ‘तारे जमीन पर’ जैसी एक लाइन पर चलने वाली कहानियों पर फिदा थे। श्रीराम की ये फिल्म समय से पहले की फिल्म रही और बाद में इसी फिल्म को दर्शकों ने एक कल्ट फिल्म का दर्जा दिया।