हिंदी सिनेमा में एक्शन फिल्मों के लिए जिस सितारे का नाम सबसे ज्यादा मशहूर रहा है, वह हैं अभिनेता अक्षय कुमार। लेकिन, हिंदी सिनेमा के जिस एक्शन सितारे का डंका अब हॉलीवुड तक बजने जा रहा है, उसका नाम है, विद्युत जामवाल। फिल्म ‘मॉन्स्टर हंटर’ की रिलीज के समय ‘अमर उजाला’ से एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए इसके हीरो टोनी जा ने विद्युत जामवाल संग जोड़ी बनाने की जो इच्छा जाहिर की थी, वह जल्द पूरी होने वाली है। ऐसा इसलिए क्योंकि हॉलीवुड में टोनी जा का काम देखने वाली एजेंसी ने ही अब विद्युत जामवाल को भी साइन कर लिया है।
टोनी जा की जोड़ी बनाने की इच्छा
विद्युत जामवाल ने अपना करियर दक्षिण भारतीय फिल्मों में विलेन के गुर्गे के तौर पर शुरू किया और फिर वहां वह फिल्मों में मेन विलेन भी बने। टोनी जा ने उनको लेकर जो कहा, इसका पता ‘अमर उजाला’ के जरिये चलने पर विद्युत ने इस बात पर खुशी जाहिर की थी कि टोनी जैसे मशहूर एक्शन सितारे ने उनका काम नोटिस किया।