पोर्नोग्राफी मामले में फंसे बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। अब राज कुंद्रा और रेयान थोरपे की जमानत याचिकाओं पर 10 अगस्त को सुनवाई होगी। गुरुवार को दोनों की जमानत याचिका पर पुलिस को नोटिस जारी किया गया है।
राज कुंद्रा और उनके सहयोगी और रयान थोर्प इस वक्त न्यायिक हिरासत में हैं। राज कुंद्रा को पोर्न वीडियोज बनाने और उन्हें एप्स पर अपलोड करने के आरोप में मुंबई की क्राइम ब्रांच ने उन्हें गिरफ्तार किया है। इतना ही नहीं मुंबई क्राइम ब्रांच ने राज के घर छापा मारा जहां उन्हें सर्वर और करीब 70 अश्लील वीडियोज भी मिले। राज कुंद्रा का नाम पोर्नोग्राफी केस में सामने आने से फिल्म इंडस्ट्री में खलबली मच गई है।
मुंबई की क्राइम ब्रांच लगातार इस मामले की जांच कर रही है और आए दिन इस केस में नए खुलासे हो रहे हैं। मुंबई पुलिस ने अदालत में कहा कि राज कुंद्रा ने अश्लील फिल्मों का निर्माण एवं व्यापार करके लगभग 1.17 करोड़ रूपये कमाए हैं और यह रुपये उन्होंने अगस्त 2020 से लेकर दिसंबर 2020 के बीच ही कमाए हैं। राज कुंद्रा पिछले लंबे समय से अपनी गिरफ्तारी को गलत बता रहे थे लेकिन इसी बीच कोर्ट ने उन्हें किसी भी प्रकार की कोई राहत देने से साफ इनकार कर दिया है।
पुलिस ने इस मामले में पहली चार्जशीट फाइल कर दी है जिसमें राज कुंद्रा के एडल्ट फिल्म बिजनेस को लेकर फिर नया खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि राज कुंद्रा ने कंपनी के लिए एक टारगेट सेट किया था। वो 2023 तक इन फिल्मों के जरिए 34 करोड़ रुपये कमाने का गोल लेकर चल रहे थे। इससे पहले भी एक खुलासे में क्राइम ब्रांच ने बताया था कि राज कुंद्रा करीब 9 करोड़ रुपयों में कई वीडियोज को बेचने की डील भी कर चुके थे।