बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के मुंबई स्थित आवास के बाहर आज रविवार सुबह 5 बजे दो अज्ञात हमलावर ने हवा में कई राउंड फायरिंग की और घटनास्थल से भाग गया। मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुंबई की बांद्रा पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी और आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाईं। सुपरस्टार के घर के बाहर फायरिंग मामले में महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने सलमान खान से फोन पर की बात की। देर शाम गोलीबारी करने वाले संदिग्ध आरोपियों की तस्वीरें भी सामने आईं।
हमलावरों में एक शख्स का लिंक गुरुग्राम से होने का संदेह
देर शाम आई रिपोर्ट के मुताबिक पूरे मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मामले की जांच मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। एक अन्य खबर के मुताबिक सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी करने वाले एक आरोपी के गुरुग्राम से होने का संदेह जाहिर किया जा रहा है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सीसीटीवी फुटेज से ली गई तस्वीर भी जारी की है। जांच क्राइम ब्रांच को सौंपे जाने से पहले बांद्रा पुलिस के अधिकारी ने बताया, भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम के तहत 'अज्ञात व्यक्ति' के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।