कमाल आर खान उर्फ केआरके अब आर्यन खान ड्रग केस में शाहरुख खान के समर्थन में उतर आए हैं। वह लगातार आर्यन खान का समर्थन कर रहे हैं और एनसीबी पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने शाहरुख और उनके बेटे आर्यन खान के समर्थन में कई ट्वीट्स किये हैं और पूछा है कि क्या आर्यन खान को टारगेट किया गया है? बदनाम किया गया है? बलि का बकरा बनाया गया है? सच क्या है? कमाल आर खान ने इस पूरे मामले पर एक वीडियो भी बनाया है, जिसमें वो कई तरह के सवाल उठा रहे हैं और एनसीबी की कार्रवाई को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं।
केआरके का साफ कहना है कि अगर कोई शाहरुख खान को झूठे आरोप लगाकर नीचा दिखाने की कोशिश करेगा, तो मैं बिना शर्त उनके साथ खड़ा हूं। उन्होंने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वह कह रहे हैं, 'आर्यन खान वाकई में दोषी है या फिर उसे पब्लिसिटी के लिए फंसाया गया है। जैसे ही इस ऑनलाइन क्रूज पार्टी का ऐलान हुआ था और टिकट बिकने शुरू हुई थे, सभी को पता था कि आर्यन खान भी अपने दोस्तों के साथ इस पार्टी का हिस्सा बनेगा। उसी दिन से एनसीबी एक्शन में आ गई थी और पूरी प्लानिंग शुरू हो गई थी। यह भी तय हो गया था कि किस तरह आर्यन खान की तलाशी ली जाएगी और उनकी गिरफ्तारी की जाएगी.. एनसीबी को उम्मीद थी कि कोई न कोई ऐसा सूबत मिल जाएगा, जिसके तहत आर्यन को गिरफ्तार कर लेंगे।