अभिनेता अक्षय कुमार की छवि फिल्मी दुनिया में हर जरूरतमंद की मदद करने वाले इंसान की रही है। वह बताते तो नहीं हैं लेकिन जिनको उनके करीबी कामों की खबर है, वे जानते हैं कि मदद की आस लेकर अक्षय के दर तक पहुंचे लोगों में से कम ही लोग खाली हाथ लौटे हैं। लेकिन, अब उनके सामने नया धर्मसंकट है। मामला उनकी एक फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' से जुड़ा है जिसका टीजर 24 सितारों के भारी भरकम टीम के साथ फिल्म के निर्माता फिरोज नाडियाडवाला ने अक्षय के जन्मदिन पर जारी किया। लेकिन, अब फिरोज पर आरोप लगा है कि उन्होंने इस फ्रेंचाइजी की अपनी पिछली फिल्मों में काम करने वालों का ही अब तक भुगतान नहीं किया है लिहाजा फिल्मों में काम करने वाली यूनियनों की फेडरेशन ने उनके खिलाफ नए सिरे से मोर्चा खोल दिया है।