फिल्म ‘डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनस’ को लेकर दर्शकों की उम्मीदें जैसे जैसे धूमिल होती जा रही हैं, फिल्म की कमाई पर इसका असर साफ दिखने लगा है। मार्वल सिनेमैटिक यूनीवर्स के दो दिग्गज किरदारों डॉक्टर स्ट्रेंज और वांडा मैक्सिमॉफ की इस कहानी में इस बार एक नया सुपरहीरो अमेरिका शावेज भी एमसीयू ने पेश किया है। इस किरदार के पास एक यूनीवर्स से दूसरे यूनीवर्स पहुंच जाने की ताकत है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ‘डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनस’ की महीने भर पहले खुली एडवांस बुकिंग के दौरान बिकी टिकटों का दौर खत्म हो चला है और फिल्म सोमवार को दहाई करोड़ से नीचे आने के बाद मंगलवार को और नीचे आ गई।