अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में स्टैंडअप कॉमेडी के दौरान वीर दास ने 'टू इंडियाज' नाम की एक कविता पढ़ी। जिसका वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें देश-विरोधी कहा जा रहा है। वीर दास ने अपनी इस कविता में कहा, 'मैं एक ऐसे भारत से आता हूं, जहां दिन मे स्त्री की पूजा होती है और रात में उनके साथ दुष्कर्म होता है। उनकी इस कविता के वायरल होने के बाद न सिर्फ सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हुई बल्कि उनके खिलाफ कई जगहों पर शिकायत भी दर्ज की गई।
बीजेपी नेता आदित्य झा ने दर्ज करवाई शिकायत
दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष और प्रवक्ता आदित्य झा ने भी कॉमेडियन वीर दास के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। बीजेपी नेता का कहना है कि वीर दास ने जानबूझकर एक अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के खिलाफ अपमानजनक बयान दिया है। उनके इस बयान से देश की छवि खराब हुई है। बीजेपी नेता ने वीर दास पर आरोप लगाते हुए कहा कि अमेरिका में वाशिंगटन डीसी के जॉन एफ कैनेडी सेंटर में एक शो के दौरान उन्होंने महिलाओं पर जो टिप्पणी की है वह अंतराष्ट्रीय स्तर पर महिला विरोधी है।