नया दिन नई रात
- फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
भीम सिंह ने 24 साल में बनाईं 76 फिल्में
फिल्म ‘नया दिन नई रात’ के निर्देशक ए भीम सिंह का सिनेमा में बड़ा रुआब रहा है। ये उन दिनों की बात है जब हिंदी सिनेमा में दक्षिण भारत के फिल्म निर्देशकों ने अपना झंडा और ऊंचा करना शुरू कर दिया। इन निर्देशकों के पास ऐसे निर्माता थे, जिनके पास अथाह पैसा था। वे मद्रास और हैदराबाद से बंबई आते। सितारे उठाते। अपने शहरों के स्टूडियों में स्टार्ट टू फिनिश शूटिंग करते और सितारों को फिर बंबई छोड़ जाते। हिंदी सिनेमा के तकरीबन हर सुपरस्टार ने दक्षिण भारतीय फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों के साथ काम करके शोहरत और दौलत दोनों बटोरी है। ए भीम सिंह थे तो इसी दौर के निर्देशक लेकिन उनके जैसा मेहनती निर्देशक भारतीय सिनेमा में दूसरा मिलना मुश्किल है। 30 साल की उम्र में अपनी पहली फिल्म निर्देशित करने वाले भीम सिंह ने अगले 24 साल में 76 फिल्में बना डालीं, 34 तमिल, 18 हिंदी, आठ तेलुगू, पांच मलयालम और एक कन्नड़ फिल्म। इन्हीं भीमसिंह की निर्देशित फिल्म ‘नया दिन नई रात’ हमारी आज के बाइस्कोप की फिल्म है और इसका सबसे बड़ा आकर्षण है, फिल्म में संजीव कुमार के किए नौ रोल।