71 साल के हो चुके निर्माता-निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा के चौथपन में उनकी नई फिल्म '12वीं फेल' बहार बनकर आई है। बतौर निर्माता तो विधु ने एक के बाद एक कई सुपरहिट फिल्में बीते 20 साल में दी हैं, लेकिन बतौर निर्देशक उनकी आखिरी हिट फिल्म कौन सी रही? कोई पूछ ले तो सामने वाले को याद करके बताना पड़ता है। 1994 में रिलीज ‘1942 ए लव स्टोरी’ के बाद से विधु की बतौर निर्देशक रिलीज हुई फिल्में रही हैं, ‘करीब’, ‘मिशन कश्मीर’, ‘एकलव्य’, ‘ब्रोकेन हॉर्सेस’ और ‘शिकारा’। उनकी नई फिल्म ‘12वीं फेल’ ने सिनेमाघरों में 100 दिन पूरे किए हैं। और, इस दिन का जश्न विधु ने सिनेमा के छात्रों के साथ बहुत ही जिंदादिली के साथ मनाया।