फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुणे इंस्टीट्यूट के टॉपर नवीन निश्चल की ये हैं 10 अनसुनी कहानियां, बिग बी से भी जुड़े दिलचस्प किस्से

Wed, 18 Mar 2020 01:29 PM IST
प्रतीक्षा राणावत रोहिताश सिंह परमार, मुंबई
विज्ञापन
नवीन निश्चल - फोटो : Social Media
विज्ञापन
हिंदी सिनेमा में चढ़ते सूरज को सलाम करने और डूबते सूरज से किनारा कर लेने वालों के किस्से जब सुनाए जाते हैं, तो उनमें अभिनेता नवीन निश्चल का नाम खासतौर से लिया जाता है। एक जमाना था जब नवीन निश्चल ने फिल्म परवाना में अमिताभ बच्चन के साथ एक फ्रेम में खड़े होने से इंकार कर दिया था, फिर गुरबत के ऐसे दिन भी आए जब काम पाने के लिए उन्होंने उन्हीं अमिताभ बच्चन की मदद ली और फिल्म देशप्रेमी में उनके साथी कलाकार के तौर पर कम किया। नवीन निश्चल का आज जन्मदिन है और कल उनकी बरसी है, आइए बताते हैं आपको उनसे जुड़ी कुछ ऐसी ही 10 और अनसुनी कहानियां।
विज्ञापन

2 of 11
सावन भादों - फोटो : Social Media
रेखा के साथ मचाया तहलका
नवीन निश्चल ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1970 में आई फिल्म 'सावन भादो' से की। इस फिल्म में रेखा ने बतौर मुख्य अभिनेत्री नवीन के साथ काम किया। रेखा की मोहक, मादक और कामुक अदाओं के चलते ये फिल्म सुपरहिट रही। रेखा इससे पहले बिश्वजीत चटर्जी के साथ एक और फिल्म साइन कर चुकी थीं लेकिन ये फिल्म पहले रिलीज हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

3 of 11
नवीन निश्चल - फोटो : Social Media
कॉन्टेस्ट में हिस्सा लेने मुंबई आए
नवीन ने अपने कॉलेज के दिनों से ही विज्ञापनों में काम करना शुरू कर दिया। उस समय वह कोलकाता में थे। वहीं पर उनके दोस्तों ने उन्हें बंगाली फिल्मों में काम करने का सुझाव दिया। उसी दौरान उनके एक दोस्त ने उन्हें टैलेंट कॉन्टेस्ट का पर्चा थमाया और मुंबई जाने के लिए कहा। नवीन का दिल पहले से ही एक्टिंग में लगता था इसलिए उन्होंने आव देखा न ताव और सीधे मुंबई चले आए।

4 of 11
नवीन निश्चल - फोटो : Social Media
पुणे फिल्म इंस्टीट्यूट के गोल्ड मेडलिस्ट
मुंबई पहुंचने के बाद नवीन की मुलाकात फिल्म निर्माता और निर्देशक मोहन सहगल से हुई। मोहन सहगल की उन दिनों हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में ऊंची साख थी और वह नवीन के पिता के बहुत अच्छे दोस्त भी थे। सो उन्होंने नवीन को सलाह दी कि या तो तुम मेरे साथ पहले सहायक निर्देशक के रूप में काम सीखो या फिर पुणे जाकर फिल्म इंस्टीट्यूट में दाखिला लेकर एक्टिंग सीखो। मोहन सहगल ने कहा, जब तुम हीरो बनने के लिए जरूरी सारी चीजें अच्छे से सीख जाओ तब फिर मेरे पास वापस आना।
विज्ञापन

5 of 11
नवीन निश्चल - फोटो : Social Media
मोहन सहगल ने निभाया वादा
फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) में नवीन निश्चल ने अपने बैच में टॉप कर या। तीन साल का एक्टिंग कोर्स करके नवीन यहां से गोल्ड मेडलिस्ट बनकर निकले। वहां से लौटने के बाद मोहन सहगल ने अपने वादे के मुताबिक उन्हें अपनी फिल्म 'सावन भादो' में काम दिया। यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई और इसके बाद नवीन के सामने फिल्म निर्माताओं की लाइन लग गई। इसके बाद उन्होंने बुड्ढा मिल गया, परवाना, वो मैं नहीं, विक्टोरिया नंबर 203, धर्मा, हंसते जख्म जैसी कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया।
विज्ञापन

6 of 11
नवीन निश्चल - फोटो : Social Media
रात में की पार्टी, सुबह शूटिंग कैंसिल
एक किस्सा नवीन निश्चल की फिल्म 'हंसते जख्म' की शूटिंग का है। एक दिन उन्हें अपने कॉलेज के कई मित्र मिल गए। उनके साथ नवीन ने रात भर पार्टी की और सुबह शूटिंग के लिए तैयार होकर सेट पर पहुंचे। फिल्म के निर्देशक चेतन आनंद ने उनकी आंखें देखकर पहचान लिया। शूटिंग न रुके इसके लिए चेतन ने नवीन की आंखों पर एक खास लेंस लगाकर शूटिंग करने की कोशिश की। लेकिन ऐसा हो ना सका और आलम ये हुआ कि शूटिंग रद्द करनी पड़ी। इसके बाद ही नवीन ने फैसला किया कि जब भी सुबह की शूटिंग होगी तो वह रात में पार्टी नहीं करेंगे।
विज्ञापन

7 of 11
नवीन निश्चल - फोटो : Social Media
हाथ से निकलीं बड़ी फिल्में
मशहूर गीतकार, लेखक और फिल्म निर्देशक गुलजार ने जब बतौर निर्देशक अपनी पहली फिल्म मेरे अपने की तैयारी शुरू की तो उनकी पहली पसंद नवीन निश्चल ही थे। फिल्म 'मेरे अपने' में जो किरदार विनोद खन्ना ने निभाया है, वह पहले नवीन निश्चल को ही मिलने वाला था। मनोज कुमार की सुपरहिट फिल्म 'रोटी कपड़ा और मकान' और 'दीवार' में जो किरदार शशि कपूर ने निभाए हैं, वह भी पहले नवीन निश्चल ही निभाने वाले थे। दोनों फिल्मों में अमिताभ बच्चन हैं, ये किरदार नवीन निश्चल के अहंकार के चलते उनके हाथ से निकल गए।

8 of 11
नवीन निश्चल - फोटो : Social Media
डूबते सूरज से लोगों का किनारा
नवीन निश्चल ने जितनी रफ्तार से फिल्म जगत में अपनी पहचान बनाई, उतनी ही जल्दी शोहरत उन्हें छोड़कर जाने भी लगी। वजह थी साथी कलाकारों का सम्मान न करना। शूटिंग के वक्त तरह तरह के नखरे करना और निर्माता निर्देशकों की सलाहों को तवज्जो न देना। फिर एक दिन वो भी आया जब वह मुंबई के मेट्रो थियेटर में एक फिल्म के प्रीमियर पर पहुंचे। अपनी गाड़ी से वह उतरे तो मीडिया वालों ने उनकी फोटो खींचनी शुरू कर दी। लेकिन जैसे ही फोटोग्राफरों को पता चला कि ये तो नवीन निश्चल हैं, उन्होंने अपने कैमरे नीचे कर लिए।

9 of 11
नवीन निश्चल - फोटो : Social Media
शेखर कपूर की बहन से की शादी
फिल्मों में दाखिल होने से पहले ही नवीन निश्चल ने अभिनेता देवानंद की भांजी नीलू कपूर से शादी कर ली थी। नीलू रिश्ते में शेखर कपूर की बहन थीं। वर्ष 1976 में ही नीलू और नवीन का तलाक हो गया था। इन दोनों के तलाक से पहले इनके घर दो बेटियों नताशा और नोमिता का जन्म हुआ। इसके बाद नवीन ने तलाकशुदा गीतांजलि से शादी कर ली। गीतांजलि ने 2006 में अपने घर में खुदकुशी कर ली।

10 of 11
नवीन निश्चल - फोटो : Social Media
भाई ने पत्नी समेत घर से निकाला
80 के दशक से ही नवीन निश्चल अपने भाई प्रवीण निश्चल और अपनी पत्नी गीतांजलि के साथ मुंबई के खार में एक साथ रहते थे। वर्ष 2006 में फरवरी के महीने में उनके भाई प्रवीण निश्चल ने नवीन को पत्नी समेत उनके घर से बाहर निकाल दिया। इसके तीन महीने बाद ही नवीन की पत्नी गीतांजलि ने आत्महत्या करके अपनी जान दे दी थी। उस वक्त नवीन ने अपनी सफाई में कहा था कि उनकी पत्नी उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी और उनकी मां से उसका लड़ना-झगड़ना बना रहता था।

11 of 11
नवीन निश्चल - फोटो : Social Media
मुंबई से पुणे के रास्ते में निधन
19 मार्च 2011 को नवीन निश्चल अपने दोस्तों निर्माता गुरदीप सिंह और अभिनेता रणधीर कपूर के साथ होली मनाने पुणे जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने गुरदीप को गाड़ी का एसी कम करने के लिए कहा। गुरदीप के एसी कम करने के कुछ ही देर बाद नवीन को दिल का दौरा पड़ा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next