वैश्विक संक्रामक महामारी कोविड-19 के जानलेवा संक्रमण की जद में आने से देशभर में लाखों लोग जान गंवा चुके हैं। हजारों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ चुका है तो कईयों ने अपने अभिभावकों को भी खो दिया। ऐसे में हजारों बच्चे अनाथ हो चुके हैं। इन बच्चों का लालन-पालन बड़ी चिंता है। ऐसे में इन बच्चों की मदद के लिए केंद्र सरकार और तमाम राज्यों सरकारों ने कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं।
हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद कोरोना महामारी के कारण अनाथ हो चुके बच्चों की मदद के लिए सरकारें आगे आईं हैं। हालांकि, कुछ राज्य सरकारों ने इस संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के आदेश से पहले ही अपने स्तर पर वित्तीय मदद और सुविधाओं को घोषणा की थी। लेकिन अब लगभग सभी राज्यों में बच्चों की मदद के लिए कदम उठाए गए हैं।
वहीं, केंद्र सरकार ने भी कई अहम घोषणाएं की हैं। साथ ही बच्चों को मौद्रिक सहायता और विभिन्न सुविधाएं देने का वादा किया है। आइए जानते हैं केंद्र सरकार और राज्य सरकारों की ओर से दी जाने वाली मदद राशि और सुविधाओं के बारे में तथा किस-किस राज्य में इन मासूम बच्चों के लिए क्या-क्या प्रावधान किए गए हैं।